भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज कई अवसरों पर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए प्रदेशवासियों से अपने भाव साझा किए। उन्होंने भारत रत्न स्वर कोकिला लता मंगेशकर की जयंती पर पुण्य स्मरण करते हुए कहा कि दीदी की मधुर आवाज का सम्मोहन आज भी हमारी स्मृतियों में गूंजता है और वे भावी पीढ़ियों के लिए युगों-युगों तक प्रेरणास्रोत बनी रहेंगी।
मुख्यमंत्री ने भारत में आधुनिक कृषि के प्रणेता और हरित क्रांति के जनक, भारत रत्न डॉ. एम.एस. स्वामीनाथन की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि डॉ. स्वामीनाथन के अथक प्रयासों और योगदान ने ही भारत को अन्न सुरक्षा में आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाया। कृषि को सरल और अधिक लाभदायक बनाने में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
डॉ. मोहन यादव ने महान क्रांतिकारी शहीद-ए-आज़म भगत सिंह की जयंती पर भी नमन किया और उन्हें स्वतंत्रता संग्राम का अमर प्रतीक बताया।इसी के साथ मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को अंतरराष्ट्रीय बेटी दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति में बेटियां देवी का स्वरूप हैं। बेटियां केवल परिवार का गौरव नहीं, बल्कि राष्ट्र का भविष्य भी हैं। वे सशक्त होंगीं तो समाज और देश मजबूत बनेगा। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि बेटियों के सपनों को पंख देने और उन्हें नई उड़ान भरने के अवसर उपलब्ध कराने में मध्यप्रदेश सरकार कोई कमी नहीं छोड़ेगी।
