भोपाल: जनगणना के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य पूर्ण कर लिया गया है. जिसकी गुणवत्ता की जांच शुक्रवार को भारत के महारजिस्ट्रार के निरीक्षण दल (आब्जर्वर्स) ने की. इस दौरान गणना ब्लाकों में स्थित मकानों के रहवासियों से जनगणना के संबंध में जानकारी व पूछे गये प्रश्नों के संबंध में चर्चा की साथ ही प्रगणकों से व्यवहारिक तौर पर आने वाली समस्याओं के संबंध में चर्चा भी की. निरीक्षण दल को जनगणना सूचीकरण कार्य में किसी प्रकार की कोई विसंगति नहीं मिली. जनगणना मकान सूचीकरण कार्य पूर्ण होने पर निगम आयुक्त व प्रमुख नगर जनगणना अधिकारी संस्कृति जैन ने मकान सूचीकरण कार्य से संलग्न सभी संबंधितों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं.
आब्जर्वर्स ने ब्लॉकों और लेआउट मैप की जांच
मकानों की गणना के कार्य की गुणवत्ता की जांच निरीक्षण दल में सम्मिलित अधिकारी वरिंदर कौर एवं सांख्यिकी अन्वेषक अमरजीत कुमार द्वारा वार्ड क्रमांक 31 स्थित शिवनगर, वार्ड क्र. 43 स्थित ग्रीन मेनडोज कालोनी, वार्ड क्र. 59 स्थित वाल्मिकी मंदिर क्षेत्र विकास नगर सहित अन्य स्थानों का भ्रमण कर मकान सूचीकरण ब्लाकों में कार्य की गुणवत्ता की जांच की साथ ही प्रगणकों द्वारा तैयार किये गये लेआउट मैप आदि की जांच की.
जनगणना के कार्य में नहीं मिली कोई कमी
निरीक्षण दल ने स्थानीय रहवासियों से भी जनगणना संबंधी प्रश्न पूछे और जनगणना के संबंध में जानकारी भी प्राप्त की तथा प्रगणकों से कार्य के दौरान कठिनाईयों सहित अन्य समस्याओं के संबंध में चर्चा की. आब्जर्वर्स को कार्य की गुणवत्ता में किसी प्रकार की कोई कमी अथवा विसंगति प्राप्त नहीं हुई
