मैहर: कनिष्ठ खाद्य आपूर्ति अधिकारी सुश्री प्रियंका अग्रवाल ने जानकारी दी कि कलेक्टर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी के निर्देशानुसार सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत उचित मूल्य की दुकानों के निरीक्षण के दौरान अनियमितता पाए जाने पर जिले के रामगढ़ और अमरपाटन स्थित शासकीय उचित मूल्य की दुकान रामगढ़ ,बिछियाखुर्द, अमझर और बिधुईखुर्द के दुकान संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार एफआईआर की कार्यवाही की गई।
जिला प्रशासन द्वारा उचित मूल्य की दुकानों में खाद्यान्न वितरण, स्टॉक एवं अभिलेखों की जांच तथा पात्र हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराने की व्यवस्था की सतत निगरानी की जा रही है। कनिष्ठ खाद्य आपूर्ति अधिकारी सुश्री प्रियंका अग्रवाल के निरीक्षण के दौरान खाद्यान्न वितरण और स्टॉक की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित दुकान संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई और वसूली के आदेश भी दिए गए।
कलेक्टर श्रीमती मुखर्जी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उचित मूल्य की दुकानों का नियमित निरीक्षण कर अनियमितता पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
