एमपीएनसी के रजिस्ट्रार रिकॉर्ड सहित तलब

जबलपुर। हाईकोर्ट जस्टिस आनंद पाठक एवं जस्टिस बीपी शर्मा की युगलपीठ ने नर्सिंग काॅलेज के मान्यता संबंधित फर्जीवाडे के मामले में मध्य प्रदेश नर्सिंग काउंसिल के रजिस्ट्रार को रिकाॅर्ड के साथ तलब किया है। युगलपीठ ने याचिका पर अगली सुनवाई 13 अगस्त को निर्धारित की है।

गौरतलब है कि लॉ स्टूडेंट्स एसोसिएशन की तरफ से अधिवक्ता विशाल बघेल की तरफ से दायर जनहित याचिका में प्रदेश में खुले सैकड़ों फर्जी नर्सिंग कॉलेजों की मान्यता प्रक्रिया को चुनौती दी गई थी। याचिका में कहा गया था कि निर्धारित शर्तो का पालन नहीं करने के बावजूद भी कागजों में संचालित नर्सिंग कॉलेजों को मान्यता प्रदान की गयी है। हाईकोर्ट ने याचिका की सुनवाई करते हुए प्रदेश में संचालित नर्सिंग कॉलेज की जांच के निर्देश सीबीआई को दिये थे।

सीबीआई जांच में प्रदेश में संचालित 695 नर्सिंग कॉलेजों में 156 कॉलेज सूटेबल पाये गये थे। जांच में पाई गई कमियों को दूर कर 89 कॉलेजों भी सूटेबल की श्रेणी में आ गये थे। पूर्व में हुई सुनवाई के दौरान नर्सिंग कौंसिल की तरफ से नर्सिंग कॉलेजों के लंबित परीक्षाएं कराने और परीक्षा परिणाम घोषित करने की अनुमति की मांग करते हुए आवेदन पेश किया था। युगलपीठ ने सीबीआई जांच में सूटेबल पाये गये नर्सिंग कॉलेज की जीएनएम तृतीय वर्ष की परीक्षा आयोजित करवाने की अनुमति मध्य प्रदेश नर्सिंग काउंसिल को प्रदान की है। इसके अलावा युगलपीठ ने शैक्षणिक सत्र 2022-23 के जीएनएम प्रथम वर्ष के परीक्षा परिणाम घोषित करने की भी अनुमति प्रदान करते हुए सीबीआई जांच में अनसूटेबल पाये गये कॉलेजों की परीक्षा के आयोजन पर रोक बरकरार रखी है।

अनसूटेबल पाये गये कॉलेज की तरफ से हाईकोर्ट में आवेदन पेश करते हुए परीक्षा में शामिल किये जाने तथा रिजल्ट घोषित किये जाने की मांग करते हुए आवेदन पेश किये गये थे। आवेदन में कहा गया था कि उनकी याचिका सर्वोच्च न्यायालय में लंबित है। छात्र हित में रिजल्ट घोषित किया जाये और परीक्षा में बैठने की अनुमति प्रदान की जाये। इसके बाद खामियों को सुधारने के बाद सूटबेट कॉलेज की तरफ से दायर आवेदन में कहा गया था कि उनके छात्रों को अन्य कॉलेजों में स्थानांतरित नहीं किया जाये। युगलपीठ ने याचिका की सुनवाई के बाद उक्त आदेश जारी किये। याचिकाकर्ता की तरफ से अधिवक्ता आलोक बागरेचा ने पैरवी की।

Next Post

सीढिय़ा नही चढ़ पाया दिव्यांग तो कलेक्टर खुद मिलने आए

Tue Aug 11 , 2026
छिंदवाड़ा। जनसुनवाई में अपनी समस्या लेकर पहुंचे एक दिव्यांग युवक की परेशानी देखकर कलेक्टर हरेंद्र नारायण ने संवेदनशीलता की मिसाल पेश की। मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय की पहली मंजिल पर जनसुनवाई चल रही थी। इसी दौरान दोनों पैरों से दिव्यांग शंकर कहार अपनी शिकायत लेकर कार्यालय पहुंचा। हालांकि, सीढिय़ों के […]

You May Like