हैदराबाद, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के करीब 8 करोड़ सदस्यों के लिए राहत भरी खबर है। केंद्र सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए पीएफ जमा पर 8.25% की ब्याज दर को आधिकारिक मंजूरी दे दी है। ईपीएफओ ने अपने सभी क्षेत्रीय कार्यालयों को निर्देश दिए हैं कि वे बिना देरी किए खाताधारकों के खातों में ब्याज की राशि ट्रांसफर करना शुरू करें। यह लगातार तीसरा वर्ष है जब सरकार ने इस ब्याज दर को बरकरार रखा है।
नए सिस्टम से तेज होगा भुगतान
इस बार खाताधारकों को ब्याज के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। ईपीएफओ ने अपने डेटाबेस और सॉफ्टवेयर को अपग्रेड किया है, जिससे भुगतान प्रक्रिया पहले की तुलना में काफी तेज हो गई है। पहले जहां पैसा पहुंचने में एक से दो महीने का समय लगता था, वहीं अब नई तकनीक के कारण यह प्रक्रिया बेहद कम समय में पूरी होने की उम्मीद है। जून में वित्त मंत्रालय से अंतिम मंजूरी मिलने के बाद अब फंड ट्रांसफर की प्रक्रिया सुचारू कर दी गई है।
घर बैठे ऐसे चेक करें अपना बैलेंस
ब्याज की राशि जमा होते ही आप चार आसान तरीकों से अपना बैलेंस चेक कर सकते हैं। आप ईपीएफओ की आधिकारिक पासबुक वेबसाइट पर UAN के जरिए लॉग इन कर सकते हैं, या फिर 9966044425 पर मिस्ड कॉल देकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा, रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से 7738299899 पर SMS भेजकर या उमंग (UMANG) ऐप का उपयोग करके भी आप अपना अपडेटेड बैलेंस देख सकते हैं।

