
सीहोर. ग्रामीण की शिकायत के बाद जमीन का कब्जा दिलाने पहुंचे राजस्व विभाग के अमले पर ग्रामीण के पड़ोसी ने बंदूक तान दी. सकपकाए राजस्व अमले ने इसकी जानकारी पुलिस को दी. मौके पर पहुंची मंडी पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बंदूक जब्त कर ली और उन्हें गिरफ्तार कर लिया. बंदूक का लायसेंस आरोपी की पत्नी के नाम बताया जाता है.
खरीफ सीजन की बोवनी से पूर्व जमीनों का सीमांकन व जमीन संबंधी अन्य विवादों को सुलझाने का क्रम राजस्व विभाग द्वारा किया जा रहा है. ऐसे में विवाद के हालात भी पनप रहे हैं. एक दिन पहले ग्राम बिलकीसगंज व खेड़ली के बीच सरकारी रोड पर काबिज अतिक्रमण को हटाने पहुंचे नायब तहसीलदार और राजस्व अमले के सामने उस वक्त अप्रिय स्थिति निर्मित हो गई थी जब अतिक्रमणकारी ने गाली- गलौच शुरू कर दी और उसकी पत्नी ने धारदार दरांता उठाकर हमला करने की धमकी दी थी. हालांकि राजस्व अमले ने तमाम विरोध को दरकिनार करते हुए अतिक्रमण हटाया था और दोनों के खिलाफ कार्रवाई कराने के पटवारी को निर्देश दिए थे.
इसी दिन समीपस्थ ग्राम कपूरी में भी राजस्व अमले को विषम हालातों का सामना करना पड़ा. जानकारी के अनुसार राजस्व विभाग के राजस्व निरीक्षक संतोष दरबार एवं पटवारी सुरेन्द्र जामलिया ग्राम कपूरी के ग्रामीण रेहान खान को उसकी जमीन का कब्जा दिलाने गए थे. बताया जाता है कि संबंधित ग्रामीण की जमीन पर खूंटी गाढऩे के दौरान मेढ़ पड़ोसी मंडला कलां निवासी शाहिद आ. शब्बीर अपने भाई अबूतालिफ उर्फ रुखसार के साथ वहां आ धमका. उसने आपत्ति जताते हुए उक्त जमीन पर अपना अधिकार बताया, लेकिन जब राजस्व अमले ने अपनी गतिविधि जारी रखी तो वह घर से बंदूक निकाल लाया और अमले व ग्रामीण रेहान पर तान दी. यह देखकर राजस्व अमला सकपका गया और मामले में पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलने के बाद मंडी थाना प्रभारी माया सिंह सदल बल मौके पर पहुंचीं और राजस्व अमले को धमका रहे दोनों भाईयों शाहिद और अबूतालिफ को गिरफ्तार करते हुए दुनाली बंदूक जब्त कर ली है. थाना प्रभारी ने बताया कि उक्त लायसेंसी बंदूक आरोपी शाहिद की पत्नी के नाम पर है. राजस्व निरीक्षक की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है. आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेजने के आदेश दिए गए हैं.
इंदौर नाका क्षेत्र से हटाया अतिक्रमण
इन दिनों जहां तहसील मुख्यालय आष्टा में बीते कुछ दिन से अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाकर वृहद स्तर दुकानों के स्थायी व अस्थायी अतिक्रमण हटाए जा रहे हैं तो शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर राजस्व विभाग और नपा के अमले ने इंदौर नाके पर मैकेनिकों व अन्य दुकानदारों द्वारा सड़क तक किया गया अतिक्रमण हटाया गया. इस दौरान राजस्व विभाग से तहसीलदार नीलम परसेंडिया, पटवारी संजय राठौर के अलावा नगरपालिका के अतिक्रमण शाखा प्रभारी तिलक खाती व नपा का अन्य अमला शामिल था.
