समाज के बच्चों की पढ़ाई से लेकर रोजगार तक की जिम्मेदारी उठाएगा किरार समाज

इंदौर. समाज की तरक्की केवल आयोजनों और सम्मेलनों से नहीं, बल्कि जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा, युवाओं को रोजगार और परिवारों को सामाजिक बुराइयों से बचाने के प्रयासों से होगी. केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को अखिल भारतीय किरार क्षत्रिय महासभा के किरार कुंभ में समाज के सामने यही तस्वीर रखी. उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी विद्यार्थियों की पढ़ाई में सहयोग, प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निशुल्क कोचिंग और युवाओं को उद्यम से जोड़ने की पहल करने का आह्वान किया. साथ ही नशे के खिलाफ पूरे समाज को एकजुट होने की बात कही.

किरार समाज से अपने जुड़ाव का जिक्र करते हुए चौहान ने कहा कि यह समाज उनके बचपन का झूला, जवानी की फुलवारी और बुढ़ापे की काशी है. उन्होंने अपने जीवन में श्रीमद्भगवद्गीता की भूमिका बताते हुए कहा कि तीसरी चौथी कक्षा में दादाजी के निधन के बाद घर में मिली गीता पढ़ने की कोशिश की थी. कई बार पढ़ने के बाद समझ आया कि जीवन केवल अपने लिए नहीं, बल्कि समाज, देश और दूसरों के लिए जीने में सार्थक है. अपने हिस्से में आए काम को पूरी मेहनत और ईमानदारी से करना ही जीवन का उद्देश्य होना चाहिए.

इस दौरान अपने बचपन का एक प्रसंग सुनाते हुए उन्होंने बताया कि जैत गांव में मजदूर और चरवाहे सुबह से रात तक काम करते थे, लेकिन उन्हें महज ढाई पाई मजदूरी मिलती थी. एक दिन देर से पहुंचे छोटे चरवाहे को डांट और मार खाते देखा तो उन्हें यह अन्याय लगा. उन्होंने मजदूरों को मंदिर में बैठक के लिए बुलाया और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने को कहा. अगले दिन गैस बत्ती लेकर जुलूस निकाला और नारे लगाए, ढाई पाई नहीं तो काम नहीं. जुलूस घर के पास पहुंचा तो कक्काजी डंडा लेकर बाहर आ गए. मजदूर भाग गए, लेकिन वे पकड़े गए और उनकी पिटाई हुई, इसके बाद उन्हें भोपाल भेज दिया. उन्होंने कहा कि बचपन से ही अन्याय के खिलाफ खड़े होने और लोगों के लिए काम करने की भावना रही.

वहीं चौहान ने इंदौर इकाई के प्रतिभा सम्मान कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि हर जिले में समाज की प्रतिभाओं को पहचानने और सम्मानित करने की परंपरा बननी चाहिए. दिसंबर में भोपाल में देशभर के समाज की प्रतिभाओं के लिए बड़ा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा. उन्होंने बताया कि माताजी के निधन के बाद पारिवारिक परंपरा के अनुसार सवा महीने तक घर से बाहर नहीं निकलने का नियम है. मंत्री पद के दायित्वों के चलते उन्हें कार्यक्रमों में शामिल होना पड़ रहा है. सवा महीने बाद साधना सिंह फिर सामाजिक आयोजनों में शामिल होंगी. उन्होंने इंदौर के पदाधिकारियों से आर्थिक कठिनाइयों से जूझ रहे मेधावी विद्यार्थियों की सूची बनाने को कहा. उनकी पढ़ाई पूरी कराने में स्वयं सहयोग देने का भरोसा भी दिया. उन्होंने कहा कि किसी प्रतिभाशाली बच्चे की शिक्षा केवल इसलिए नहीं रुकनी चाहिए कि उसके परिवार के पास पर्याप्त पैसा नहीं है. समाज को बेटा बेटी दोनों की पढ़ाई में जरूरतमंद परिवारों की मदद करनी चाहिए.

संभावना कोचिंग से 100 बच्चों का शासकीय सेवाओं में चयन…

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निशुल्क कोचिंग की जरूरत बताते हुए चौहान ने भोपाल में साधना सिंह द्वारा शुरू की गई संभावना कोचिंग का उदाहरण दिया. इसके माध्यम से करीब 100 बच्चों का शासकीय सेवाओं में चयन हुआ. फिलहाल विदिशा में मामा कोचिंग क्लास संचालित की जा रही है, जबकि रायसेन और भैरूंदा में भी इसकी शुरुआत की जा रही है. उन्होंने कहा कि निजी कोचिंग की अधिक फीस के कारण गरीब और निम्न मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चे अच्छी तैयारी नहीं कर पाते. समाज को भी ऐसे विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण निशुल्क कोचिंग की व्यवस्था करनी चाहिए.

युवाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ने की जरूरत…

रोजगार के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियों में अवसर सीमित हैं, इसलिए युवाओं को व्यवसाय, उद्योग और स्वरोजगार के लिए भी प्रोत्साहित करना होगा. प्रधानमंत्री मुद्रा योजना सहित केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से कारोबार शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता और बैंक ऋण मिल सकता है. समाज के पदाधिकारी ऐसे युवाओं की सूची बनाएं, जो अपना व्यवसाय शुरू करना चाहते हैं. उनकी रुचि के अनुसार उन्हें सरकारी योजनाओं, बैंक फाइनेंस और प्रशिक्षण से जोड़ें. उन्होंने कहा कि युवा केवल नौकरी पाने वाले नहीं, बल्कि दूसरों को रोजगार देने वाले बनें.

पंजाब में नशे से तबाह होते परिवारों का दिया उदाहरण…

संबोधन के अंत में चौहान ने नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य, आर्थिक स्थिति और पूरे परिवार को प्रभावित करती है. पंजाब में उन्होंने नशे के कारण बर्बाद होते परिवारों और इंजेक्शन से नशा करने वाले युवाओं की भयावह स्थिति देखी है. उन्होंने समाज के लोगों से दोनों हाथ उठवाकर नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प दिलाया. उनका कहना था कि बच्चों को नशे से बचाना और युवाओं को सही दिशा देना पूरे समाज की जिम्मेदारी है.

Next Post

महासेन जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा, पगड़ी बांधकर शामिल हुए समाजबंधु

Sun Nov 15 , 2026
ग्वालियर। महासेन जयंती के अवसर पर ग्वालियर में अखिल भारतीय माहौर ग्वार्रे वैश्य समाज की लश्कर इकाई की ओर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें समाज के महिला और पुरुषों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। राधा-कृष्ण मंदिर से हुई शुरुआत शोभायात्रा की शुरुआत नया बाजार स्थित राधा-कृष्ण मंदिर से […]

You May Like