ग्वालियर। महासेन जयंती के अवसर पर ग्वालियर में अखिल भारतीय माहौर ग्वार्रे वैश्य समाज की लश्कर इकाई की ओर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें समाज के महिला और पुरुषों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
राधा-कृष्ण मंदिर से हुई शुरुआत
शोभायात्रा की शुरुआत नया बाजार स्थित राधा-कृष्ण मंदिर से हुई। भगवान महासेन के जयकारों के साथ यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से आगे बढ़ी। इस दौरान निंबालकर की गोट, कंपू, नया बाजार, राजपायगा रोड, दाल बाजार, हाईकोर्ट और लोहिया बाजार से होते हुए शोभायात्रा वापस मंदिर पहुंची।
पगड़ी बांधकर पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे समाजबंधु
शोभायात्रा में शामिल महिला और पुरुष पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए। सभी ने सिर पर पगड़ी बांध रखी थी, जो आयोजन का खास आकर्षण रही। पूरे रास्ते भगवान महासेन के जयकारे गूंजते रहे।
जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत
शोभायात्रा का शहर में कई स्थानों पर स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने स्वागत किया। इस दौरान पुष्पवर्षा और आतिशबाजी कर खुशियां मनाई गईं।
एकता और भाईचारे का दिया संदेश
आयोजकों का उद्देश्य भगवान महासेन की जयंती को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाने के साथ समाज में एकता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश देना रहा। शोभायात्रा के समापन पर समाजबंधुओं ने एक-दूसरे को महासेन जयंती की शुभकामनाएं दीं।
