गाजा: इजरायली हवाई हमले में हमास का राफा ब्रिगेड कमांडर ढेर

गाजा, 15 नवंबर (वार्ता) गाजा के एक शरणार्थी शिविर पर हुए इजरायली हवाई हमले में हमास के राफा ब्रिगेड के कमांडर समीर महमूद हसन अबू यूनिस की मौत हो गयी है। हमास ने शनिवार रात इसकी पुष्टि कर दी है।

ब्रिटिश मीडिया संगठन ‘बीबीसी’ के अनुसार, गाजा में प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दक्षिणी पट्टी में सैकड़ों विस्थापित लोगों को आश्रय देने वाले अल-मावासी क्षेत्र के अल-वासा शिविर में चार मिसाइलें गिरीं।

इजरायली सेना ने रविवार को इस हमले की घोषणा करते हुए कहा कि उसने यूनिस को निशाना बनाया था। वह हमास को फिर से संगठित करने और सदस्यों को “आतंकी हमलों को आगे बढ़ाने तथा अंजाम देने” के लिए प्रेरित करने में सक्रिय था। सेना ने यह भी कहा कि हमले में नागरिकों को होने वाले नुकसान को कम करने के लिए एहतियाती कदम उठाए गए थे। हालांकि, उसने अन्य हमास आतंकवादियों को निशाना बनाए जाने के संबंध में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी।

गौरतलब है कि यूनिस सात अक्टूबर, 2023 के हमलों की योजना बनाने और उनकी देखरेख करने वाले हमास के वरिष्ठ कमांडरों में शामिल था। वह इजरायल द्वारा अपने पूर्ववर्ती नाएलबु ओबैद को मारे जाने के बाद पिछले दो महीनों से राफा ब्रिगेड के प्रमुख की भूमिका निभा रहा था। उसकी मौत की घोषणा करने वाले बयान में हमास ने भी स्वीकार किया कि यूनिस “7 अक्टूबर के हमले की योजना बनाने और उसकी देखरेख करने वाले सबसे महत्वपूर्ण कमांडरों में से एक था।”

इससे पहले इसी सप्ताह दक्षिणी गाजा के सबसे बड़े चालू अस्पताल ‘नासर अस्पताल’ पर हुए एक इजरायली हमले में एक सर्जन और मरीजों सहित कम से कम छह लोग मारे गए थे और 30 अन्य घायल हो गए थे। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, इजरायली रक्षा बल का कहना था कि उसने हमास की सशस्त्र विंग के एक कमांडर को निशाना बनाया था।

गौरतलब है कि पिछले साल अक्टूबर से अमेरिका की मध्यस्थता में हुए युद्धविराम के प्रभावी होने के बावजूद इजरायल गाजा में लगभग प्रतिदिन हमले कर रहा है। युद्धविराम लागू होने के बाद से गाजा में 1,620 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं, जबकि युद्ध की शुरुआत से अब तक गाजा में मरने वालों की कुल संख्या 74,650 से अधिक हो गई है।

.....

Next Post

काशीबाई स्मृति लेवा पाटीदार धर्मशाला का भूमि पूजन संपन्न

Sun Nov 15 , 2026
ओंकारेश्वर। तीर्थनगरी ओंकारेश्वर की शिवशिवाधाम कॉलोनी में रविवार को काशीबाई स्मृति लेवा पाटीदार धर्मशाला का भूमि पूजन विधि-विधान से संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खरगोन विधायक बालकृष्ण पाटीदार थे, जबकि अध्यक्षता जिला सहकारी बैंक खंडवा के पूर्व अध्यक्ष कैलाश पाटीदार ने की। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजन और […]

You May Like