घर में घुसे चार बदमाश, महिला को बंधक बना लूटे लाखों के जेवर व नगदी

जबलपुर। खितौला थाना अंतर्गत प्रज्ञा विहार कॉलोनी में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात चार नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में धावा बोला। बदमाशों ने सो रही महिला को बंधक बनाकर, उसके गले से मंगलसूत्र खींचा और लोहे की रॉड से अलमारी तोडक़र लाखों के सोने-चांदी के जेवरात सहित 50 हजार रुपये नगद समेट लिए और फरार हो गए। पुलिस ने रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक गुरूवार सुबह प्रज्ञा विहार कॉलोनी निवासी आरती विश्वकर्मा (40) ने बताया कि बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात लगभग 12 बजे उनके पति विनय विश्वकर्मा घर के मुख्य दरवाजे और बाहरी गेट पर ताला लगाकर दुर्गा प्रतिमा विसर्जन में गए थे। आरती अपने दो मासूम बच्चों के साथ कमरे में सो रही थीं। रात करीब 1 बजे अचानक गेट और दरवाजा खुलने की आवाज आई। आरती को लगा कि पति विनय लौट आए हैं। घर के भीतर अंधेरा था, तभी अचानक एक बदमाश ने आरती के चेहरे पर टॉर्च मारी। आरती जैसे ही हड़बड़ाकर उठ बैठीं, बदमाशों ने कमरे की लाइट जला दी।

एक ने मुंह दबाया, दूसरे ने पकड़े हाथ, तीसरे ने खींचा मंगलसूत्र-

आरती ने हिम्मत कर जैसे ही पूछा- तुम लोग कौन हो? , बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। एक शातिर ने आरती का मुंह इतनी जोर से दबाया कि उनकी चीख गले में ही दब गई। वहीं दूसरे बदमाश ने पीछे से उनके दोनों हाथ पकडक़र उन्हें असहाय कर दिया। इसी बीच तीसरे बदमाश ने क्रूरता दिखाते हुए आरती के गले पर झपट्टा मारा और पहन रखा सोने का मंगलसूत्र खींच लिया।

रॉड से तोड़ी अलमारी, ताला भी ले गए

तीन बदमाशों ने जब महिला को पूरी तरह काबू में कर लिया, तो उन्होंने बाहर खड़े अपने चौथे साथी को आवाज दी। चौथा बदमाश हाथ में लोहे की भारी रॉड लेकर अंदर घुसा। उसने पलक झपकते ही गोदरेज की अलमारी का लॉक तोड़ दिया। बदमाशों ने अलमारी के लॉकर में रखे सोने चांदी के जेवरात, नगद 50,000 रुपये निकाल लिए । बदमाश इतने शातिर थे कि फिंगरप्रिंट या कोई सबूत न रह जाए, इसलिए वे अलमारी का टूटा हुआ ताला भी अपने साथ समेट ले गए।

खेतों की तरफ भागे बदमाश, हुलिए के आधार पर तलाश

वारदात को अंजाम देकर जब चारों आरोपी भागने लगे, तो आरती ने बंधन मुक्त होते ही शोर मचाया और कुछ दूर तक उनके पीछे भी दौड़ीं। लेकिन चारों शातिर अंधेरे का लाभ उठाकर प्रज्ञा विहार के पीछे लगे खेतों की तरफ रफूचक्कर हो गए। आरती ने तुरंत पति को कॉल कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद हडक़ंप मच गया। पीडि़ता के अनुसार, आरोपियों में से 3 लडक़े दुबले-पतले और 1 लडक़ा मोटा था। एक आरोपी ने काले रंग की जैकेट और चेहरे पर नारंगी रंग का कपड़ा बांध रखा था, जबकि बाकी तीन आरोपी पूरी तरह काले कपड़ों में थे और उनके मुंह पर काला कपड़ा बंधा था। पुलिस ने रिपोर्ट प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस का दावा है कि हुलिए और क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।

Next Post

कियारा टैम्बुरलिनी पहले दिन टॉप पर; शैनन टैन, प्रणवी उर्स भी पीछे

Thu Oct 22 , 2026
गुरुग्राम, 22 अक्टूबर (वार्ता) गुरुवार को डीएलएफ गोल्फ एंड कंट्री क्लब में हीरो महिला इंडियन ओपन में कियारा टैम्बुरलिनी का देर से टॉप पर पहुंचना गोल्फ की मेन हेडलाइन थी, लेकिन एक और बात थी जिसने सबका ध्यान खींचा। टूर्नामेंट आज ऐसे नोट पर शुरू हुआ जिसने डिफेंडिंग चैंपियन सिंगापुर […]

You May Like