सिरफिरे ने युवती की गोली मारकर की निर्मम हत्या,गिरफ्तार, गांव में पुलिस बल तैनात

पन्ना। कोतवाली थाना पन्ना अंतर्गत ग्राम लक्ष्मीपुर में एक सिरफिरे युवक ने अवैध कट्टे से फायर कर 25 वर्षीय युवती की निर्मम हत्या किये जाने का मामला प्रकाश में आया है जिसमें आरोपी ने बहन को बचाने आये मृतिका के भाई पर भी जानलेवा हमला किया, जिसमें वह बाल-बाल बच गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी को कट्टे समेत गिरफ्तार कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, लक्ष्मीपुर निवासी आरती यादव (25 वर्ष) पर गांव के ही विनोद यादव ने अवैध कट्टे से अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से युवती लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल पन्ना लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद युवती की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे रीवा मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। परंतु, रीवा ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी विनोद यादव का सनकपन यहीं नहीं रुका। उसने मृतिका के भाई आकाश यादव को भी जान से मारने की नीयत से उस पर फायर झोंक दिया। किस्मत अच्छी थी कि आकाश का निशाना चूक गया और वह इस जानलेवा हमले में साफ बच गया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी रोहित मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी विनोद यादव निवासी लक्ष्मीपुर को दबोच लिया। कोतवाली पुलिस के अनुसार, आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हत्या के असली कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। थाना प्रभारी रोहित मिश्रा ने बताया कि मर्ग कायम कर मामले को बारीकी से जांच में लिया गया है। जल्द ही वारदात के पीछे की वजह सामने आ जाएगी।

गांव में पुलिस बल तैनात – उक्त घटना को लेकर गांव में आक्रोश का माहौल देखा गया है। पता चला है कि युवती को गोली मारने के बाद भाग रहे आरोपी विनोद यादव और उसके पिता को बिजली के खंभे से बांध कर उनके साथ भी मारपीट की गई, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टी नही की है। पुलिस का कहना है कि गांव में शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिये सुरक्षाबल तैनात किया गया है और मामलें की गहन जांच की जा रही है।

Next Post

अन्धे-हत्याकाण्ड का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार; एसपी हुई भावुक

Wed May 13 , 2026
पन्ना। पुलिस अधीक्षक पन्ना श्रीमती निवेदिया नायडू के निर्देशन मे अजयगढ़ के रहुनियां मोहल्ला माधौगंज मे हुये दोहरे जघन्य अन्धे-हत्याकाण्ड के मामले मे सफल खुलासा करते हुये मामले के आरोपी को रामनगर मैहर से गिरफ्तार करने मे सफलता प्राप्त हुई है। मामले मे फरियादी रामनरेश कुशवाहा (मृतिका के जेठ) द्वारा […]

You May Like