होलकर कॉलेज में गणपति विसर्जन के दौरान मारपीट, सात छात्र निलंबित

इंदौर: शासकीय होल्कर मॉडल स्वशासी विज्ञान महाविद्यालय, इंदौर में गणपति विसर्जन के अवसर पर निकाले गए चल समारोह के दौरान छात्रों के दो गुटों के बीच मारपीट का मामला सामने आया. घटना में कुछ छात्रों के घायल होने की जानकारी है. विवाद के दौरान बेल्ट और डंडों के इस्तेमाल के आरोप भी सामने आए हैं.बताया जा रहा है कि विवाद छात्रों के दो गुटों के बीच हुआ. घटना के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई. मामले को गंभीरता से लेते हुए महाविद्यालय प्रशासन ने भी अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की.

महाविद्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, 25 सितंबर 2026 को प्राचार्य कक्ष में अनुशासन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में गणेश विसर्जन के दौरान महाविद्यालय परिसर में हुई मारपीट से संबंधित शिकायतों और घटना के वीडियो का अवलोकन किया गया. अनुशासन समिति ने घटना को गंभीर मानते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संबंधित छात्रों के तत्काल निलंबन की अनुशंसा की.

समिति की अनुशंसा के आधार पर सात छात्रों को तत्काल प्रभाव से महाविद्यालय से निलंबित किया गया है.आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निलंबन अवधि के दौरान संबंधित छात्रों का महाविद्यालय परिसर में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. साथ ही, संबंधित छात्रों के स्थानांतरण प्रमाण-पत्र महाविद्यालय के अभिलेख में दर्ज पते पर भेजे जाने की बात कही गई है.

बाहरी छात्रों के प्रवेश पर भी सख्ती
प्राचार्य अनामिका जैन के अनुसार, घटना के बाद महाविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया गया है. अब महाविद्यालय में बाहरी छात्रों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। सुरक्षा गार्ड द्वारा बिना परिचय-पत्र के किसी भी व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जाएगा. महाविद्यालय परिसर में आने-जाने के लिए केवल एक गेट खुला रखने की व्यवस्था की जा रही है, ताकि बाहरी व्यक्तियों के अनधिकृत प्रवेश को रोका जा सके. प्राचार्य ने बताया कि घटना में घायल छात्रों को उपचार के लिए ले जाया गया था और पुलिस में भी शिकायत दर्ज कराई गई है. फिलहाल महाविद्यालय प्रशासन ने घटना में संलिप्त पाए गए सात छात्रों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की है.

Next Post

राजकुमार मिल झांकी और चंद्रपाल व्यायामशाला को मिला प्रथम स्थान

Sun Sep 27 , 2026
इंदौर:शहर में अनंत चतुर्दशी चल समारोह में शुक्रवार रात निकली झाकियों में राजकुमार मिल झांकी को पहला स्थान दिया गया. इसी तरह अखाड़ों में चन्द्रपाल उस्ताद व्यायामशाला को प्रथम स्थान मिला. इस मौके पर कलेक्टर द्वारा अखाड़ों को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की गई.शहर में अनन्त चतुर्दशी गणेश विसर्जन […]

You May Like