इंदौर:शहर में अनंत चतुर्दशी चल समारोह में शुक्रवार रात निकली झाकियों में राजकुमार मिल झांकी को पहला स्थान दिया गया. इसी तरह अखाड़ों में चन्द्रपाल उस्ताद व्यायामशाला को प्रथम स्थान मिला. इस मौके पर कलेक्टर द्वारा अखाड़ों को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की गई.शहर में अनन्त चतुर्दशी गणेश विसर्जन चल समारोह रात भर निकले कारवां के साथ सम्पन्न हो गया, इस दौरान रातभर चल समारोह में नयनाभिराम झाँकियों और अखाड़ों कलाकारों के प्रदर्शन से हजारों की संख्या में मौजूद जनता का मन मोह लिया.
जिला प्रशासन द्वारा गठित झाँकी तथा अखाड़ा निर्णायक समितियों द्वारा पुरस्कार के लिए श्रेष्ठ झाँकियों और अखाड़ों का चयन किया गया. निर्णायक समिति ने झांकी में राजकुमार मिल की भगवान विष्णु और असुर मधु कैटभ युद्ध झांकी को प्रथम स्थान दिया. इसी तरह अखाड़ों में चंद्रपाल उस्ताद व्यायामशाला और बिंदागुरू व्यायामशाला को प्रथम स्थान मिला. साथ ही महिला वर्ग का प्रथम पुरस्कार रामनाथ गुरू व्यायामशाला को दिया गया. कलेक्टर शिवम वर्मा ने चल समारोह निर्विवाद सम्पन्न होने पर शहर के नागरिकों, अधिकारियों-कर्मचारियों, झाँकी आयोजकों और अखाड़ों के सदस्यों तथा मीडियाकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया है.
कलेक्टर शिवम वर्मा ने अखाड़ों की सभी श्रेणियों में नकद पुरस्कारों की घोषणा की है. उन्होंने गतका फरी और दोनों हाथ की बनेठी श्रेणी में प्रत्येक के लिए प्रथम पुरस्कार एक लाख, द्वितीय पुरस्कार 50 हजार, तृतीय पुरस्कार 25 हजार तथा 10-10 हजार रुपए का विशेष पुरस्कार देने की घोषणा की है. इसी तरह महिला वर्ग में प्रथम पुरस्कार 50 हजार, द्वितीय पुरस्कार 25 हजार तथा तृतीय पुरस्कार 15 हजार रुपए का दिया जाएगा. बालक तथा बालिका वर्ग के सभी चयनित कलाकारों को दस-दस हजार रुपए के नगद पुरस्कार भी दिए जाएंगे.
निर्णायक समिति द्वारा दिए गए पुरस्कार
प्रथम – राजकुमार मिल- (भगवान विष्णु और असुर मधु कैटभ युद्ध)
द्वितीय- मालवा मिल- (मछली जल की रानी) और हुकुमचंद मिल- (भगवान गणेश द्वारा सिंदुरासुर राक्षस का वध)
तृतीय – कल्याण मिल- (भारतीय नारी की शक्ति, सामर्थ्य और योगदान) और स्वदेशी मिल- (माँ जगदम्बा द्वारा शुभ और निशुंभ नामक राक्षसों का वध)
विशेष – होप टेक्सटाइल मिल- (भगवान शिव की बारात)
अखाड़ों को दिए गए पुरस्कार
चल समारोह में अखाड़ों तथा व्यायाम शालाओं के कलाकारों ने हैरत अंगेज प्रदर्शन किए गए। निर्णायक समिति ने दो विधाओं गतका फरी तथा दो हाथ की बनेठी वर्ग में सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुतियों के आधार पर अखाड़ों का चयन किया।गतका फरी वर्ग में प्रथम चंन्द्रपाल उस्ताद व्यायामशाला, द्वितीय ब्रजलाल गुरू व्यायामशाला शंकरगंज और तृतीय महावीर व्यायामशाला को दिया गया. विशेष पुरस्कार छोगालाल उस्ताद व्यायाम शाला तथा महावर कोली समाज व्यायामशाला महावर नगर को दिया गया. दो हाथ की बनेठी वर्ग में प्रथम बिंदागुरू व्यायामशाला, द्वितीय सार्वजनिक रविदास व्यायामशाला, तृतीय बाबूसिंह उस्ताद व्यायामशाला नादिया नगर रही. विशेष पुरस्कार स्वर्गीय प्रमोद हार्डिया व्यायामशाला तथा सार्वजनिक अहिरवार समाज चैतन्य व्यायामशाला को दिया गया. महिला वर्ग में अखाड़ों में प्रथम रामनाथ गुरू व्यायामशाला, द्वितीय दास हनुमान व्यायामशाला दास बगीची और तृतीय पंचमुखी गुरू अखाड़ा हवा बंगला रही.
