इंदौर : रावजी बाजार थाना क्षेत्र में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को कलंकित कर दिया है। यहाँ एक 22 वर्षीय कलयुगी भाई ने अपनी ही सगी नाबालिग बहन के साथ कई बार दुष्कर्म किया, जिससे वह गर्भवती हो गई। एमवाय अस्पताल से मिली सूचना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस के अनुसार, घटना का खुलासा शुक्रवार, को हुआ, जब एमवाय अस्पताल से रावजी बाजार थाने पर सूचना मिली कि एक नाबालिग लड़की करीब डेढ़ माह की गर्भवती है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुँची और पीड़िता व उसके परिवार से पूछताछ शुरू की। जांच में जो सच्चाई सामने आई, उसने पुलिस अधिकारियों को भी स्तब्ध कर दिया।
घर में अकेला पाकर किया दुष्कर्म
जांच में पता चला कि मूल रूप से बिहार का रहने वाला यह परिवार पिछले कुछ वर्षों से इंदौर के मोती तबेला क्षेत्र में रह रहा है। परिवार में कुल 7 बच्चे हैं। पिता बैग बनाने का काम करते हैं और माँ एक निजी अस्पताल में नौकरी करती है। जब माता-पिता काम पर बाहर होते थे, तब 22 वर्षीय बड़ा भाई अपनी छोटी नाबालिग बहन को अकेला पाकर उसके साथ डरा-धमकाकर गलत काम करता था। कई बार हुई इस दरिंदगी के कारण नाबालिग गर्भवती हो गई।
आरोपी भाई पुलिस गिरफ्त में
रावजी बाजार थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की और आरोपी भाई के खिलाफ बलात्कार और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
