बंगलादेश में खसरे का प्रकोप और बढ़ा

ढाका, 21 मई (वार्ता) बंगलादेश में पिछले 24 घंटों में खसरा जैसे लक्षणों के कारण सात और बच्चों की मौत हो गई है, जिससे इस बीमारी और उससे जुड़े लक्षणों के कारण होने वाली कुल मौतों की संख्या अब 475 हो गयी है। बंगलादेश के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय के अनुसार, चार बच्चों में खसरा होने की पुष्टि हुई थी, जबकि शेष तीन बच्चों की मौत खसरा के संदिग्ध लक्षणों के कारण हुई।इसी अवधि में, देश भर के अस्पतालों में इस बीमारी के लक्षणों वाले 1423 से अधिक मरीजों को भर्ती कराया गया। इनमें से 208 मामलों की प्रयोगशाला जांच में खसरा होने की पुष्टि हुई है।

इस वर्ष अब तक बांग्लादेश में खसरा की पुष्टि होने से कम से कम 83 बच्चों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा, 405 बच्चों की मौत खसरा जैसे लक्षणों के कारण हुई है। स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय के आंकड़ों के अनुसार, 15 मार्च से 21 मई के बीच प्रयोगशाला परीक्षण के माध्यम से कुल 8275 खसरा संक्रमणों की पुष्टि की गई। नवीनतम स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार, देश भर में 59,279 संदिग्ध खसरा मामलों की पहचान की गई है। इनमें से 42,336 मरीजों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। देश में वर्ष 2024 से टीकों की आपूर्ति में भारी कमी देखी जा रही है, जिससे टीकाकरण दर 90 प्रतिशत से अधिक से गिरकर 57 प्रतिशत और उससे भी नीचे आ गई है, जिसके परिणामस्वरूप यह प्रकोप फैला है।

संयुक्त राष्ट्र की संस्था यूनिसेफ ने पहले कहा था कि उसने वर्ष 2024 में ही टीकों की कमी और इस पर तुरंत कार्रवाई करने की तत्काल आवश्यकता के बारे में बंगलादेश को कई चेतावनियां जारी की थीं, हालांकि समय पर कार्रवाई नहीं की गई। यूनिसेफ के आंकड़ों के अनुसार, बंगलादेश आमतौर पर सालाना लगभग सात करोड़ टीके की खुराक खरीदता है। हालांकि, अगस्त और नवंबर 2025 के बीच केवल 17.8 लाख टीके ही लाए गए थे। एजेंसी ने कहा, “हम जो टीके लाए थे वे यूनिसेफ के पूर्व-वित्तपोषण के माध्यम से थे, और सरकार ने अप्रैल 2026 में इसकी लागत की भरपाई की।”

.....

Next Post

ईरान ने होर्मुज में अपने नियंत्रण क्षेत्र को स्पष्ट किया, इस क्षेत्र से गुजरने के लिए जहाजों को लेनी होगी अनुमति

Thu May 21 , 2026
तेहरान, 21 मई (वार्ता) ईरान ने होर्मुज जलडमरुमध्य में अपने नियंत्रण क्षेत्र को स्पष्ट करते हुए कहा है कि इस समुद्री मार्ग से गुजरने से पहले सभी जहाजों को अनुमति लेनी होगी और समन्वय स्थापित करना होगा। ‘फारस की खाड़ी जलडमरूमध्य प्राधिकरण’ ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर जलडमरुमध्य में […]

You May Like