सतना : नशे की हालत में महिला और अतिथि शिक्षकों के साथ गाली-गलौच करने के मामले में 10 महीने पहले निलंबित हुए शिक्षक कुछ समय बाद बहाल तो हो गए थे. लेकिन शराब के नशे में धुत्त होकर गाली-गलौच करने का वीडियो वाइरल होने पर उनकी कार्यशैली एक बार फिर से सवालों के घेरे में आ गई.रविवार को एक वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वाइरल होने लगा.
वीडियो में लोगों के साथ आग ताप रहे शिक्षक नशे में पूरी तरह धुत्त नजर आ रहे हैं. इतना ही नहीं बल्कि शिक्षक होने के बावजूद खुले-आम ऐसा कृत्य करने को लेकर टोके जाने पर भडक़े शिक्षक गाली-गलौच भी करते हुए दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में नजर आ रहे शिक्षक की पहचान रामलाल रवि के तौर पर हुई. जो जिले के मझगवां विकासखण्ड में शासकीय प्राथमिक शाला कठौता में पदस्थ बताए गए.
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिक्षक का वाइरल हुआ वीडिया जिला शिक्षा कार्यालय के जिम्मेदारों तक भी पहुंच गया है. लिहाजा माना जा रहा है कि शिक्षक के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की तैयारी शुरु कर दी गई है. गौरतलब है कि 10 महीने पहले शासकीय माध्यमिक शाला कररिया में पदस्थ रहे शिक्षक रामलाल रवि ने नशे की हालत में महिला और अतिथि शिक्षकों के साथ गाली-गलौच की थी. जिसके चलते जिला शिक्षाक अधिकारी द्वारा 19 फरवरी को आदेश जारी करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया गया था.
