
इंदौर. भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से बीमार हुए लोगों का इलाज अब भी जारी है. अस्पताल में भर्ती मरीजों में से पांच की हालत गंभीर बनी हुई है, जिनमें तीन आईसीयू में जीवन और मौत से जूझ रहे हैं. सबसे चिंताजनक स्थिति 72 वर्षीय एकनाथ सूर्यवंशी की है, जो पिछले करीब एक माह से अस्पताल में भर्ती हैं और 25 दिनों से वेंटिलेटर पर हैं. लंबे इलाज के बावजूद सुधार न होने पर परिजनों ने उन्हें घर ले जाने का फैसला किया है.
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार एकनाथ सूर्यवंशी को उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद 29 दिसंबर 2025 को पहले शैल्बी हॉस्पिटल में भर्ती कराया था. हालत बिगड़ने पर 3 जनवरी 2026 को उन्हें बॉम्बे हॉस्पिटल शिफ्ट किया. जहां 4 जनवरी से वे वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं. डॉक्टरों ने परिजनों को बताया कि उनकी दोनों किडनियां फेल हो चुकी हैं, लिवर भी प्रभावित है. इसी तरह दूषित पानी की चपेट में आई पार्वतीबाई भी वेंटिलेटर पर हैं. अस्पताल प्रबंधन के अनुसार दोनों मरीजों को मल्टी ऑर्गन फेल्योर है और पहले से भी कुछ बीमारियां थीं. इसके अलावा अनिता कुशवाह और अशोक मौर्य आईसीयू में भर्ती हैं, जिनकी हालत भी गंभीर बताई जा रही है. एक अन्य मरीज का इलाज अरबिंदो अस्पताल में चल रहा है. डॉक्टरों का कहना है कि सभी गंभीर मरीजों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, लेकिन स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है.
