अमरावती, 13 जून (वार्ता) दक्षिण-पश्चिम तेलंगाना और आसपास के क्षेत्रों के ऊपर बना वायुमंडलीय चक्रवात अब
उत्तर आंतरिक कर्नाटक, तेलंगाना और रायलसीमा की ओर बढ़ रहा है, जिससे यहां भारी बारिश के आसार हैं।
मौसम विभाग ने शुक्रवार को बताया कि यह चक्रवात समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है और दक्षिण-पश्चिम की ओर झुका हुआ है।
मौसम विभाग की दैनिक रिपोर्ट के अनुसार, एक कम दबाव का क्षेत्र पश्चिम-मध्य अरब सागर से होते हुये दक्षिण तटीय ओडिशा तक फैली है। यह उत्तर आंतरिक कर्नाटक, तेलंगाना, रायलसीमा और आसपास के क्षेत्रों से गुजर रहा है, जो समुद्र तल से करीब 3.1 किमी ऊंचाई पर स्थित है।
मौसम विभाग ने उत्तर तटीय आंध्रप्रदेश और यनम में अगले चार दिनों के दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में अगले 24 घंटों के दौरान भारी वर्षा का अनुमान है।
तटीय आंध्रप्रदेश, यनम और रायलसीमा में कुछ स्थानों पर अगले पांच दिनों तक आंधी-तूफान, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवायें चलने का अनुमान है।
तटीय आंध्रप्रदेश, यनम और रायलसीमा के कुछ हिस्सों में अगले सात दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है।
पिछले 24 घंटों में तटीय आंध्रप्रदेश के कई स्थानों पर और रायलसीमा के कुछ स्थानों पर बारिश दर्ज़ की गयी है।
