सिंगरौली: ननि आयुक्त सविता प्रधान ने निगम कार्यालय में सहायक यंत्रियों एवं उपयंत्रियों के साथ बैठक आयोजित कर माजन मोड़ से इंदिरा चौक तक निर्माणाधीन मॉडल रोड के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।बैठक में आयुक्त ने निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण कराने के निर्देशित किया।
बैठक में सहायक यंत्री एवं उपयंत्रियों के प्रति ननि आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्माण कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देशित किया। आगे कहा कि मॉडल रोड शहर की महत्वपूर्ण सड़कों में शामिल है, जहाँ प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिकों का आवागमन होता है। ऐसे में निर्माण कार्यों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखे तथा आमजन को कम से कम असुविधा हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए जेसीबी मशीनों एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की संख्या बढ़ाने के निर्देशित किया। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए तथा प्रतिदिन कार्य प्रगति की समीक्षा करें। आयुक्त ने धूल एवं मिट्टी से नागरिकों को राहत देने के उद्देश्य से निर्माणाधीन क्षेत्र में प्रतिदिन तीनों समय नियमित रूप से पानी का छिड़काव करें। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि आगामी 8 दिनों के भीतर उखाड़े गए हिस्से का कार्य पूर्ण कर लिया जाए तथा क्षेत्र में फैले मलबे एवं वेस्ट मटेरियल को पूरी तरह हटाकर मार्ग को व्यवस्थित करें।
