भिण्ड: लहार नगर में चौपाटी के पास से एक 21 वर्षीय युवक के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अज्ञात बदमाश युवक के साथ मारपीट कर उसे जबरन अपनी मोटरसाइकिल पर बिठाकर ले गए। पीड़ित के पिता की शिकायत पर लहार पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम जलालपुर निवासी नरेश यादव पुत्र बौर सिंह यादव ने लहार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
फरियादी नरेश यादव ने बताया कि उनके फोन पर राजेश बघेल का कॉल आया, जिनकी लहार चौपाटी पर दुकान है। राजेश बघेल ने फोन पर सूचना दी कि उनके 21 वर्षीय बेटे लालू यादव के साथ चौपाटी के पास 2 से 3 अज्ञात लोगों ने मारपीट की और उसे अपनी मोटरसाइकिल पर बिठाकर अपने साथ ले गए।घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और युवक की काफी खोजबीन की, लेकिन जब लालू यादव का कहीं कोई सुराग नहीं लगा, तो पिता ने थाने पहुंचकर पुलिस से मदद की गुहार लगाई।लहार पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर तीन अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मामला पंजीबद्ध किया है।
