भोपाल के आदमपुर खंती के पास प्लास्टिक प्लांट में भीषण आग, 20 फीट ऊंची उठीं लपटें; 5 KM दूर तक दिखा धुएं का गुबार

भोपाल: आदमपुर स्थित कचरा खंती के पास सोमवार सुबह प्लास्टिक प्लांट में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि करीब 20 फीट ऊंची लपटें उठने लगीं और धुएं का गुबार 5 किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। सूचना मिलते ही आदमपुर खंती सहित आसपास के फायर स्टेशनों से दमकलें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास किया। 5 टन प्रतिदिन क्षमता वाला यह प्लास्टिक प्लांट पीपीपी मोड पर संचालित है, जिसका संचालन टेराफॉर्म संस्था कर रही है। नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक, आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात है। उपायुक्त भुवन गुप्ता ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। हालांकि, आग का नगर निगम की आदमपुर वेस्ट प्रोसेसिंग साइट पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है।

गौरतलब है कि आदमपुर खंती में इस साल आग लगने की यह चौथी घटना है। यहां हर साल आगजनी की घटनाएं सामने आती हैं, जिसके चलते स्थायी रूप से दमकलें तैनात की गई हैं। वहीं, खंती में जमा कचरे और उससे आसपास के इलाकों में भूजल प्रदूषण की समस्या को लेकर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई चल रही है। स्थानीय लोग दूषित भूजल के कारण टैंकरों से पानी लेने को मजबूर हैं। अब 17 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट में इस मामले की सुनवाई होनी है, जिसमें खंती से कचरा हटाने को लेकर आदेश आने की उम्मीद जताई जा रही है।

Next Post

छावनी क्षेत्रों में बुजुर्गों के लिए डे-केयर सेंटर और वृद्धाश्रम मजबूत होंगे

Mon Nov 16 , 2026
नयी दिल्ली, 16 नवंबर (वार्ता) रक्षा मंत्रालय और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय ने छावनी क्षेत्रों में रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं जिसके तहत नए डे-केयर सेंटर और वृद्धाश्रम खोले जाएंगे, मौजूदा केंद्रों को मजबूत किया जाएगा और बुजुर्गों की देखभाल […]

You May Like