मानव सेवा और सामाजिक समरसता के संदेश के साथ आयोजित हुआ मानव मित्र सम्मान समारोह

ग्वालियर। डॉ. गंगा प्रसाद पिपरिया स्मृति मानव सेवा संस्थान के तत्वाधान में भैयालाल भासने, समाज सुधारक की स्मृति में बिरला नगर क्षेत्र के कांच मिल रोड स्थित कम्युनिटी हॉल में निशुल्क टीसीएम चिकित्सा शिविर, मानव मित्र सम्मान समारोह तथा संगीतमय दिव्य सत्संग एवं कबीर भजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर चिकित्सा, पत्रकारिता, समाज सेवा और आध्यात्मिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली तीन विभूतियों को मानव मित्र सम्मान से अलंकृत किया गया। सम्मानित होने वालों में प्रख्यात नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. एच.सी. सेतिया, वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. केशव पांडेय तथा देश के प्रसिद्ध कबीर भजन गायक एवं कबीरपंथी चंदूलाल कबीरपंथी (कटनी) शामिल रहे।
कार्यक्रम का उद्घाटन ग्वालियर स्थित लाल टिपारा गौशाला के प्रमुख संत ऋषभ देवानंद महाराज ने किया। देवखो आश्रम के महंत स्वामी कल्याणानंद महाराज विशेष रूप से उपस्थित रहे, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में विधायक डॉ. सतीश सिंह सिकरवार शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के अध्यक्ष एवं समाजसेवी डॉ. रामबाबू गोयल ने की।
संस्थान के सचिव डॉ. हरिश्चंद्र पिपरिया ने अपने उद्बोधन में अपने बड़े भाई स्वर्गीय गंगा प्रसाद पिपरिया को भावपूर्ण स्मरण करते हुए उनके बताए सेवा और परोपकार के मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया। इस दौरान वे भावुक हो उठे और नम आंखों से संस्थान की मानव सेवा गतिविधियों को निरंतर आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
सम्मान समारोह की शुरुआत वयोवृद्ध नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. एच.सी. सेतिया के सम्मान से हुई।इसके बाद पत्रकारिता, लेखन और समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने वाले डॉ. केशव पांडेय तथा कबीरपंथ के विचारों और भजनों के माध्यम से जनमानस को प्रेरित करने वाले कटनी निवासी चंदूलाल कबीरपंथी को मानव मित्र सम्मान प्रदान किया गया। तीनों विभूतियों के अभिनंदन पत्रों का वाचन संस्थान के सचिव डॉ. हरिश्चंद्र पिपरिया ने किया। अतिथियों ने तीनों सम्मानित विभूतियों को शॉल, श्रीफल और अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर संत ऋषभ देवानंद महाराज ने कहा कि यह आयोजन केवल स्मृतियों को संजोने का नहीं, बल्कि उन आदर्शों को जीवन में उतारने का अवसर है, जिनके लिए हम एकत्र हुए हैं। ईश्वर कण-कण में व्याप्त है और जरूरतमंदों तक संसाधन एवं सहायता पहुंचाना भी उसकी सच्ची आराधना है। उन्होंने संस्थान के लंबे समय से जारी सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाज सुधार की दिशा में सक्रिय लोगों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।
मानव मित्र सम्मान से अलंकृत डॉ. एच.सी. सेतिया ने संस्थान के सेवा कार्यों की प्रशंसा की और इस तरह के आयोजनों को निरंतर जारी रखने की अपेक्षा जताई। डॉ. केशव पांडेय ने कहा कि समाज सेवा से मिलने वाला आनंद न बाजार में मिलता है और न ही धन खर्च करके खरीदा जा सकता है। हमारे पास जो कुछ भी है, उसे दूसरों के हित में लगाने से जो संतोष मिलता है, वही जीवन की वास्तविक उपलब्धि है। उन्होंने अपना सम्मान माता-पिता, गुरुजनों और समारोह में उपस्थित सभी लोगों को समर्पित किया तथा डॉ. हरिश्चंद्र पिपरिया को इस पुनीत कार्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
चंदूलाल कबीरपंथी ने कबीर साहब के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि मनुष्य को ऐसे कर्म करने चाहिए कि उसके जाने के बाद भी उसके कार्यों की सुगंध बनी रहे। संस्थाएं और उनकी सेवाएं तभी अमर होती हैं, जब वे समाज के कल्याण के लिए निरंतर काम करती रहें। उन्होंने कबीर के विचारों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान निशुल्क टीसीएम चिकित्सा शिविर के साथ संगीतमय सत्संग और कबीर भजनों की प्रस्तुतियों ने वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया। विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं की उपस्थिति में ग्वालियर की कौमी एकता और सामाजिक सद्भाव की परंपरा भी देखने को मिली। बिरला नगर के श्रमिक बहुल क्षेत्र में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संस्थान से जुड़े सदस्य, डॉ. गंगा प्रसाद पिपरिया के परिजन, नागरिक और मरीज उपस्थित रहे।

Next Post

मेक्सिको के कुख्यात ड्रग माफिया मिगुएल एंजेल फेलिक्स 'गॉडफादर' गालार्डो की 80 वर्ष की उम्र में मौत

Mon Nov 16 , 2026
मेक्सिको सिटी, 16 नवंबर (वार्ता) मेक्सिको के कुख्यात ड्रग माफिया और ‘बॉस ऑफ बॉसेज’ के नाम से चर्चित मिगुएल एंजेल फेलिक्स गालार्डो की 80 वर्ष की उम्र में कैद के दौरान में मौत हो गयी। मेक्सिको के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। ग्वाडलजारा कार्टेल का संस्थापक गालार्डो 1970 और 1980 […]

You May Like