मेक्सिको सिटी, 16 नवंबर (वार्ता) मेक्सिको के कुख्यात ड्रग माफिया और ‘बॉस ऑफ बॉसेज’ के नाम से चर्चित मिगुएल एंजेल फेलिक्स गालार्डो की 80 वर्ष की उम्र में कैद के दौरान में मौत हो गयी। मेक्सिको के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
ग्वाडलजारा कार्टेल का संस्थापक गालार्डो 1970 और 1980 के दशक में मेक्सिको के आधुनिक मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क के प्रमुख सरगनाओं में से एक था। उसके संगठन ने कोलंबिया के कोकीन तस्करों के साथ संबंध स्थापित किए और अमेरिका तक मादक पदार्थ पहुंचाने के प्रमुख मार्ग विकसित करने में भूमिका निभाई। जेलिस्को राज्य की पुएंते ग्रांडे जेल से ग्वाडलहारा के एक निजी अस्पताल में स्थानांतरित किए जाने के बाद उनकी रविवार को मौत हुई। अधिकारियों के अनुसार, 13 नवंबर से उसकी तबीयत बिगड़ रही थी। रविवार को स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब दो बजे कई अंगों के काम करना बंद कर देने के कारण उनका निधन हो गया।

