ताइज़ में सैनिकों की फिर से तैनाती कर रही है यमनी सेना

अदन, 16 नवंबर (वार्ता) यमन की सेना हूती विद्रोहियों की घेराबंदी तोड़ने के लिए ताइज़ में सैनिकों की फिर से तैनाती कर रही है। वहीं, हूती विद्रोहियों ने दावा किया कि सरकारी बलों को रणनीतिक बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य के आसपास के ठिकानों से पीछे हटना पड़ा है। यमनी सेना ने कहा कि वह खतरों का मुकाबला करने और नागरिकों की सुरक्षा के लिए दक्षिणी तथा दक्षिण-पश्चिमी मोर्चों पर सैनिकों की तैनाती में बदलाव कर रही है। उसने बताया कि ताइज़, मारिब और अल-जौफ में लड़ाई जारी है।

यह बयान सरकार समर्थक बलों की ओर से लाल सागर तट पर बाब अल-मंदेब और पड़ोसी धुबाब इलाके से पीछे हटने की घोषणा के बाद आया है। सूचना मंत्री सालेम अबुबक्र मोहम्मद साबित अल-अवलाकी ने कहा कि इस कदम से सरकार की अस्थायी राजधानी अदन और आसपास के प्रांतों को हूतियों की सैन्य गतिविधियों से बचाने में मदद मिलेगी। पीछे हट रहे सैनिकों ने कहा है कि वे खतरे वाले मोर्चों पर अपनी ताकत बढ़ाएंगे और ताइज़ की घेराबंदी खत्म करने के प्रयास जारी रखेंगे। हूतियों ने इससे अलग दावा करते हुए कहा है कि सरकारी बलों ने अपने ठिकाने और आपूर्ति मार्ग खो दिए हैं तथा दबाव में अदन की ओर पीछे हट रहे हैं।

इस बीच, यमनी सेना ने ‘यमन डॉन’ अभियान के तहत 906 हवाई, ड्रोन, तोपखाने और रॉकेट हमलों की जानकारी दी। हालांकि, उसने यह नहीं बताया कि ये हमले किस अवधि में किए गए। सेना ने दावा किया कि 201 हूती लड़ाकों और कमांडरों को मार गिराया गया या निष्क्रिय किया गया तथा 121 सैन्य वाहनों और उपकरणों को नष्ट या क्षतिग्रस्त किया गया। सरकारी बलों ने अक्टूबर की शुरुआत में बाब अल-मंदेब और धुबाब के कुछ हिस्सों पर फिर से कब्जा करने की घोषणा की थी। इससे करीब एक महीने पहले हूतियों ने इस क्षेत्र पर कब्जा किया था।

बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य लाल सागर को अदन की खाड़ी से जोड़ता है और स्वेज नहर से आने-जाने वाले जहाजों के लिए महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है। यमन में 2014 से गृहयुद्ध जारी है, जब ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने राजधानी सना और कई प्रांतों पर कब्जा कर लिया था। इसके बाद 2015 में सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त यमनी सरकार के समर्थन में हस्तक्षेप किया था।

.....

Next Post

नए प्रोजेक्ट में रोमांटिक अंदाज में नजर आएंगी निर्मित कौर अहलूवालिया

Mon Nov 16 , 2026
मुंबई, 16 नवंबर (वार्ता) अभिनेत्री निर्मित कौर अहलूवालिया अपने आगामी प्रोजेक्ट में नए रोमांटिक अंदाज में नजर आएंगी।निर्मित कौर अहलूवालिया ने हाल ही में भोपाल में इस प्रोजेक्ट की शूटिंग पूरी की है। अभिनेत्री अपने इस नए रूप को दर्शकों के सामने पेश करने को लेकर उत्साहित हैं। निर्मित ने […]

You May Like