भारतीय पुरुष हॉकी टीम एफआईएच प्रो लीग के यूरोपीय चरण के लिए हुई रवाना

बेंगलुरु, 29 मई (वार्ता) भारतीय पुरुष हॉकी टीम एफआईएच प्रो लीग 2024-25 के अपने यूरोपीय चरण के लिए कल रात केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से नीदरलैंड के लिये रवाना हुई।

यह टूर्नामेंट सात से 22 जून तक नीदरलैंड के एम्सटेलवीन और बेल्जियम के एंटवर्प में आयोजित होगा। भारत अपने यूरोपीय चरण की शुरुआत सात और नौ जून को नीदरलैंड के खिलाफ लगातार दो मुकाबलों के साथ करेगा, इसके बाद 11 और 12 जून को अर्जेंटीना के मैच खेलें जायेंगे। ये सभी चारों मैच एम्सटेलवीन के वैगनर स्टेडियम में होंगे।

इसके बाद भारतीय टीम अपनी अगली चुनौती के लिए बेल्जियम के एंटवर्प जाएगी, जहां वे 14 और 15 जून को ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेंगे और फिर 21 और 22 जून को मेजबान बेल्जियम के खिलाफ दो मैचों के साथ अपने अभियान का समापन करेंगे।

यूरोप के लिए रवाना होने से पहले कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने कहा कि यह यूरोपीय चरण हमारे लिए महत्वपूर्ण है क्योंकि हम दुनिया की कुछ सर्वश्रेष्ठ टीमों का सामना करेंगे। भुवनेश्वर चरण में हमारे कुछ मिश्रित परिणाम रहे, लेकिन हम स्टैंडिंग में अच्छी स्थिति में हैं और हम इसे और बेहतर बनाएंगे। हमारा ध्यान इस टूर्नामेंट के माध्यम से अधिकतम अंक हासिल करने और आगामी विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने पर है।

उप कप्तान हार्दिक सिंह ने कहा कि पिछले कुछ हफ्तों में हमारा प्रशिक्षण शिविर बहुत ही अच्छा रहा है। मुझे भरोसा है कि लड़के यूरोप में अच्छा प्रदर्शन करेंगे। टीम में सकारात्मक माहौल है और हर कोई एक-दूसरे को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित कर रहा है।

Next Post

स्वप्न , शौर्य और स्वावलंबन

Thu May 29 , 2025
भारत की वायु सीमाओं में अब केवल परिंदे ही नहीं, उड़ेंगे,बल्कि आत्मनिर्भरता के पंखों से सुसज्जित वह राष्ट्रीय स्वप्न भी ऊंचाई पकड़ेगा, जिसे दशकों तक वैश्विक तकनीकी निर्भरता ने रोक रखा था. मंगलवार को जब रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने यह घोषणा की कि भारत अब पूरी तरह से स्वदेशी […]

You May Like