इंदौर:शहर की प्रमुख चोइथराम फल मंडी में इन दिनों विदेशी फलों की अच्छी आवक देखने को मिल रही है। खास तौर पर तंजानिया से आयातित एवोकैडो बड़ी मात्रा में मुंबई के माध्यम से मंडी पहुंच रहा है. अपनी बेहतरीन गुणवत्ता, स्वाद और पोषण मूल्य के कारण यह फल स्वास्थ्य के प्रति जागरूक लोगों की पहली पसंद बनता जा रहा है.
फल व्यापारी मुनव्वर शेख ने बताया कि वर्तमान में तंजानिया से आने वाले एवोकैडो की आवक अच्छी बनी हुई है. मंडी में इसका थोक भाव 55 रुपये से 70 रुपये प्रति किलोग्राम के बीच चल रहा है.
उन्होंने बताया कि भारत के केरल सहित कुछ राज्यों में भी अब एवोकैडो का उत्पादन होने लगा है, लेकिन तंजानिया के फल की गुणवत्ता, आकार, गूदे की बनावट और स्वाद भारतीय उत्पादन की तुलना में अधिक बेहतर माने जाते हैं. यही वजह है कि बाजार में विदेशी एवोकैडो की मांग बनी रहती है. उन्होंने बताया कि एवोकैडो की उपलब्धता वर्षभर रहती है. मांग के अनुसार आयात किया जाता है. हालांकि यह अभी भी आम फलों की तरह हर घर तक नहीं पहुंचा है. इस फल के बारे में जानकारी रखने वाले और इसके स्वास्थ्य लाभों से परिचित उपभोक्ता ही विशेष रूप से इसकी खरीदारी करते हैं.
स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी है एवोकैडो
एवोकैडो को दुनिया के सबसे पौष्टिक फलों में गिना जाता है. इसमें भरपूर मात्रा में स्वस्थ वसा, फाइबर, पोटैशियम, विटामिन के, विटामिन ई, विटामिन सी, विटामिन बी6 और फोलेट पाया जाता है. यह हृदय स्वास्थ्य के लिए लाभकारी माना जाता है तथा शरीर में खराब कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित करने में सहायक होता है.
पाचन तंत्र होता है मजबूत
विशेषज्ञों के अनुसार नियमित और संतुलित मात्रा में एवोकैडो का सेवन करने से पाचन तंत्र मजबूत होता है, त्वचा और बालों को पोषण मिलता है, वजन नियंत्रित रखने में मदद मिलती है तथा शरीर को लंबे समय तक ऊर्जा मिलती है. यही कारण है कि फिटनेस प्रेमियों, खिलाड़ियों और स्वास्थ्य के प्रति सजग लोगों के बीच इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है.
धीरे-धीरे बढ़ रही पहचान
फल व्यापारियों का कहना है कि कुछ वर्ष पहले तक एवोकैडो के बारे में बहुत कम लोग जानते थे, लेकिन अब सोशल मीडिया, पोषण विशेषज्ञों और फिटनेस संस्कृति के बढ़ते प्रभाव के कारण इसकी पहचान तेजी से बढ़ रही है. होटल, रेस्टोरेंट, कैफे और घरों में भी इसका उपयोग सलाद, सैंडविच, स्मूदी, डिप (गुआकामोले) और विभिन्न व्यंजनों में किया जाने लगा है. व्यापारियों को उम्मीद है कि आने वाले समय में लोगों में स्वास्थ्य के प्रति बढ़ती जागरूकता के चलते एवोकैडो की मांग में और अधिक वृद्धि होगी
