कुबेरेश्वर धाम के गेट-3 पर बेकाबू कचरा वाहन दुकानों में घुसा, भगदड़ में 5 घायल; 1 गंभीर

सीहोर। शहर के नजदीक प्रसिद्व कुबेरेश्वर धाम के गेट नंबर-3 के सामने सोमवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब कचरा एकत्र करने वाला वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी दुकानों में जा घुसा. वाहन ने कई दुकानों को रौंद दिया, जिससे वहां मौजूद दुकानदार और ग्राहक उसकी चपेट में आ गए. हादसे के बाद मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चार से पांच लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक युवक के गंभीर रूप से घायल होने की बात सामने आई है.

जानकारी के अनुसार कुबेरेश्वर धाम परिसर में नारियल सहित अन्य पूजन सामग्री और कचरा एकत्र करने के लिए उपयोग किया जाने वाला वाहन सोमवार शाम धाम के अंदर से कचरा लेकर बाहर आ रहा था. बाहर आते ही वाहन अचानक बेकाबू हो गया. गेट नंबर तीन के सामने लगे बैरीकेटस तोड़ता हुआ वाहन तेज गति से सड़क किनारे लगी दुकानों में जा घुसा. वाहन की रफ्तार का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि वह दुकान में खड़े लोगों को रौंदता हुआ काफी अंदर तक घुस गया था. वाहन की टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्रसाद, पूजन सामग्री, खेल-खिलौने और खाने-पीने की दुकानों में रखा सामान सड़क पर बिखर गया. घटना के समय श्रद्धालुओं की आवाजाही भी बनी हुई थी. सूत्रों की मानें तो कचरा वाहन का चालक धाम के अंदर भी कुछ लोगों को टक्कर मारकर आया था. उसके बाद बाहर भी उसने कई लोगों को घायल किया. धाम पर आने वाले श्रद्धालुओं को टीका लगाने वाली कुछ महिलाएं भी वाहन की चपेट में आ गई थीं.

अचानक हुए हादसे से दुकानदारों और श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों को संभाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की. सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई. मामले में जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे ने बताया कि हादसे में शामिल वाहन कुबेरेश्वर धाम का है और इसका उपयोग पूजन सामग्री व कचरा एकत्र करने के लिए किया जाता है. प्रारंभिक तौर पर चालक की लापरवाही सामने आई है. हादसे में चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक को फ्रैक्चर की अधिक चोट है. हादसे के बाद चालक के मौके से फरार होने की जानकारी है. पुलिस उसकी तलाश कर रही है.

हादसे के बाद मौके पर वाहन के ब्रेक फेल होने की चर्चा भी रही, लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है. पुलिस वाहन की तकनीकी स्थिति, चालक की भूमिका और हादसे से पहले की परिस्थितियों की जांच कर रही है. इसके अलावा दुकानों और सामान को हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है. घटना के बाद कुबेरेश्वर धाम के बाहर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और वाहनों की आवाजाही को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. वहीं मंडी पुलिस की जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के बाद हादसे की वास्तविक वजह और जिम्मेदारी की स्थिति स्पष्ट होगी.

मान सरोवर अस्पताल भेजे घायल, एक वेदांता में भर्ती

मंडी थाना टीआई अर्चना सिंह के अनुसार कुबेरेश्वर धाम के बाहर दुर्घटना की सूचना मिली थी. प्रारंभिक जानकारी में चार से पांच लोगों के घायल होने की बात सामने आई है. घायलों को उपचार के लिए मानसरोवर अस्पताल भेजा गया है, जबकि एक घायल विजय मेवाड़ा को वेदांता अस्पताल में ले जाया गया है. पुलिस घायलों की स्थिति और घटना की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है.

Next Post

चलती ट्रेन से गिरा यात्री, की-मैन की सतर्कता से बची जान

Mon Sep 21 , 2026
जबलपुर। पकरिया स्टेशन के आउटर के पास सोमवार सुबह चलती ट्रेन से गिरकर एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। यात्री ट्रेन के गेट के पास बैठा था और झपकी आने से अचानक संतुलन बिगड़ने पर ट्रैक किनारे जा गिरा। सिर समेत शरीर पर गंभीर चोटें आने से वह […]

You May Like