
जबलपुर। पकरिया स्टेशन के आउटर के पास सोमवार सुबह चलती ट्रेन से गिरकर एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। यात्री ट्रेन के गेट के पास बैठा था और झपकी आने से अचानक संतुलन बिगड़ने पर ट्रैक किनारे जा गिरा। सिर समेत शरीर पर गंभीर चोटें आने से वह खून से लथपथ पड़ा था। इसी दौरान ट्रैक की निगरानी कर रहे की-मैन की नजर उस पर पड़ गई। उसने तत्काल लाल झंडी दिखाकर पीछे से आ रही 22190 रीवा-जबलपुर इंटरसिटी के लोको पायलट और गार्ड को अलर्ट किया, जिसके बाद ट्रेन को आपातकालीन ब्रेक लगाकर रोका गया।
गार्ड ने घायल को गार्ड ब्रेक में पहुंचाया और कटनी स्टेशन की ओर ट्रेन रवाना की गई। कटनी जंक्शन पहुंचने से पहले स्टेशन प्रबंधक और रेलवे कंट्रोल को सूचना दे दी गई थी, जिससे ट्रेन के पहुंचते ही मेडिकल टीम और एम्बुलेंस तैयार मिली। डॉक्टरों ने गार्ड ब्रेक में ही घायल का प्राथमिक उपचार किया और हालत गंभीर होने पर उसे कटनी जिला अस्पताल भेज दिया। कटनी जीआरपी थाना प्रभारी अनिल मरावी के अनुसार घायल फिलहाल बोलने की स्थिति में नहीं है, इसलिए उसकी पहचान और यह पता नहीं चल सका है कि वह किस ट्रेन से गिरा तथा कहां जा रहा था।
