भक्ति और उत्साह के नाम रहा श्रावण का पहला सोमवार

शाजापुर, श्रावण माह प्रारंभ होते ही शिव भक्तों का उत्साह चरम पर है और हर कोई महादेव की एक झलक पाने शिवालय पहुंच रहा है. नगर के महादेव मंदिरों में भी अलसुबह से भक्तों का तांता लगना शुरू हो चुका है. जहां भक्त मंदिर मे कतार लगाकर महादेव के दर्शन कर रहे हैं.

कहते हैं श्रावण माह महादेव का अतिप्रिय महीना होता है. मान्यता है कि इस दौरान जिसने महादेव की सच्ची भक्ति कर ली, महादेव उस पर मेहरबान हो जाते हैं. यही वजह है कि अलसुबह से ही शिवभक्तों की भीड़ मंदिर में देखी जा रही है. खासकर श्रावण के सोमवार में महादेव के भक्त महादेव की भक्ति मे लीन रहते हैं. 30 जुलाई से श्रावण लगते ही शिव मंदिरों में तैयारियों का काम शुरू हो चुका था. कहीं रंग रोगन किया गया, तो कहीं पर आकर्षक विद्युत सज्जा की गई. इसके अलावा मंदिरों में साफ-सफाई भी की गई. वही सोमवार सुबह से ही महादेव का आकर्षक श्रृंगार भी किया गया. जहां महादेव के मनोहारी स्वरूप को देखने भक्त सुबह से ही मंदिर पहुंचने लगे थे.

ब्रह्म मुहूर्त में शिवालय पहुंचे श्रद्धालु

शहर के प्रसिद्ध मंगलनाथ महादेव मंदिर में सुबह 4 बजे से ही भक्तों की कतारें लग गई थीं. अभिषेक, रुद्राभिषेक और विशेष पूजन का क्रम दिनभर चलता रहा. इस दिन हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया. वहीं ओंकारेश्वर महादेव, काशी विश्वनाथ, सोमेश्वर महादेव श्रीघाट महादेव और अन्य शिवालयों में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे. श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया. पं. सुनील नागर ने बताया कि श्रावण का पहला सोमवार भक्तों के लिए विशेष फलदायक होता है. भगवान शिव की पूजा से मनोकामनाएं पूरी होती है. इस बार श्रावण में कुल चार सोमवार पड़ रहे हैं, जो शिव आराधना के लिए श्रेष्ठ माने जाते हैं. श्रावण माह के पहले सोमवार को लेकर प्रशासन द्वारा भी सुरक्षा और व्यवस्था के खास इंतजाम किए गए. पुलिस बल मंदिरों के आसपास तैनात रहा. ताकि भक्तजन शांति और व्यवस्था के साथ दर्शन कर सकें.

महादेव ने दिए भक्तों को दर्शन

सुबह जहां श्रद्धालु कतार लगाकर मंदिरों में पहुंचे थे. वहीं शाम को महादेव अपने भक्तों से मिलने नगर भ्रमण पर निकले. शाम को नगर के शिवालय से महादेव शाही अंदाज में नगर भ्रमण पर पालकी में सवार होकर निकले, जिनके दर्शन के लिए उनके भक्त पलक-पावड़े बिछाकर उनकी राह देखते रहे ओर जैसे ही पालकी में सवार महादेव उनके सम्मुख पहुंचे, भक्तों ने दर्शन कर खुद को धन्य किया.

 

शुजालपुर, पवित्र सावन माह के चलते क्षेत्र में भगवान शिव की स्तुति जारी है, सावन माह के पहले सोमवार को शिवालयों में पूजा अर्चना के लिए भक्तों का जमावड़ा रहा. सुबह से ही बड़ी संख्या में भक्त मंदिर पहुंचे और भगवान का जलाभिषेक कर भोलेबाबा के दर्शन किए. पौराणिक जटाशंकर महादेव मंदिर पर प्रात: भगवान का विशेष श्रृंगार किया गया, जहां पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर बाबा महाकाल का अभिषेक किया. साथ ही अखंड रामायण पाठ प्रारंभ हुआ, जो कि पूरे सावन माह जारी रहेगा. क्षेत्र स्थित राणोगंज, भोले डूंगरी, शिव मंदिर सहित अन्य शिवालयों पर भी दिनभर पूजा अर्चना और अभिषेक का क्रम चलता रहा. मंडी क्षेत्र स्थित गणेश मंदिर से रामधुन यात्रा समिति ने सोमवार की सुबह नगर के प्रमुख मार्गो से कांवड़ यात्रा निकली, इस यात्रा में शामिल शिव भक्तों ने बाबा महाकाल के जयकारे लगाए. यह कांवड़ यात्रा जटाशंकर पहुंची, जहां पर भगवान महाकाल का जलाभिषेक कर क्षेत्र की सुख समृद्धि की कामना की गई. वहीं श्री जयेश्वर महादेव भक्त मंडल वार्ड 2 किला द्वारा भव्य पालकी यात्रा निकाली गई, यह यात्रा किला स्थित मंदिर से प्रारंभ होकर सिटी के प्रमुख मार्गों से गुजरी. इस यात्रा में बडी संख्या में श्रद्धालु बाबा महाकाल का जयघोष करते हुए चल रहे थे. पालकी यात्रा में भगवान भोलेनाथ विशेष श्रृंगार किया गया. इस यात्रा का मार्ग भर में पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया. साथ ही पालकी यात्रा में झांकी भी सजाई गई.

Next Post

नशीली दवा की बिक्री करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार

Mon Aug 3 , 2026
रीवा, सेमरिया पुलिस ने नशीली प्रतिबंधित कैप्सूल एवं कफ सिरप की बिक्री करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जो नशीली दवा घूम फिर कर बिक्री करते थे. सेमरिया थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल ने बताया कि मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि कोलौरा गाँव के आगे एक काले कलर […]

You May Like