
ब्यावरा। नगर से गुजर रहे दो राष्ट्रीय राजमार्गो एवं तीन ओव्हर ब्रिज के चलते सुरक्षित आवागमन की दृष्टि से नगर में सर्विस रोड है किंतु हर समय इन सर्विस रोड पर भारी वाहनों के खड़े रहने से आवाजाही में वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है वहीं दुर्घटना का भय लगा रहता है.
गुना बायपास, भोपाल बायपास, राजगढ़ बायपास चौराहा सभी जगह सर्विस रोड पर वाहनों का अतिक्रमण देखा जा सकता है.भोपाल बायपास चौराहा से नरसिंहगढ़ रोड जाने वाले सर्विस रोड पर इन दिनों लोडिंग ट्रकों की लम्बी कतारे देखी जा सकती है.
वाहन निकलने की भी जगह नहीं
सर्विस रोड पर ट्रकों के खड़े रहने से अन्य वाहनों की आवाजाही नहीं हो पाती है. यदि कोई वाहन लेकर निकलता भी हैै तो वाहनों के खड़े रहने से दुर्घटना का भय लगा रहता है. लोडिंग वाहनों के खड़े रहने से आगे या आसपास से आने जाने वाले वाहन एकाएक नजर नहीं आते है. मजबूरी में वाहन चालक सर्विस रोड से न निकलते हाईवे से होकर आते-जाते है.
अनदेखी से आमजन परेशान
सर्विस रोड पर वाहनों का जमावड़ा रहने से अन्य वाहन चालकों को होने वाली परेशानी जिम्मेदारों से छुपी नहीं है. सबकुछ सामने दिखाई देने के बाद भी सर्विस रोड से वाहनों को हटाया नहीं जाता है. ऐसे ही हालात गुना बायपास, राजगढ़ बायपास के यहां सर्विस रोड पर देखे जा सकते है.
ब्रिज के नीचे भी कब्जा
यही नहीं ओव्हर ब्रिज के नीचे भी वाहनों को खड़ा कर दिया जाता है जिससे आवागन में वाहन चालको को कठिनाईयों का सामना करना पड़ता है. राजगढ़ बायपास चौराहा, रेलवे स्टेशन तिराहा, भोपाल बायपास चौराहा ब्रिज के यहां कुछ ऐसे ही हालात नजर आते है. ब्रिज के नीचे बड़े वाहन, हाथ ठेले खड़े रहने, अतिक्रमण होने से वाहनों का आवागमन जोखिम भरा होता है.
