
उज्जैन। देवासरोड पर दो थाना क्षेत्र के बीच 11 घंटे में हुई दो सडक़ दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई। पहली दुर्घटना सुबह 11.30 बजे हुई दूसरी दुर्घटना रात 9.30 बजे होना सामने आई है। रात में हुई दुर्घटना में मृतक युवक किराना दुकान संचालक था जिसका गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम कराया गया है।
उंडासा तालाब के पास ग्राम माधोपुरा का रहने वाला किशन पिता रमेशचंद्र 36 साल अपने गांव में ही टायर और किराने की दुकान संचालित करता था। देवास की ओर से अपने गांव लौट रहा था नरवर थाना क्षेत्र के कड़छा मार्ग पर रात 9.30 बजे की लगभग उसकी बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में किशन गंभीर घायल हो गया उसे एंबुलेंस अस्पताल लेकर पहुंची लेकिन कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। अस्पताल की ओर से सूचना कोतवाली थाना पुलिस को दी गई। आज सुबह अस्पताल पुलिस चौकी ने मृतक का पोस्टमार्टम कराया है परिजनों ने बताया कि किशन किराने का सामान लेने गया था और वापस लौट रहा था। दुर्घटना के बाद कुछ लोगों ने उसे पहचान लिया था और भाई मुकेश के मोबाइल पर कॉल कर कर एंबुलेंस द्वारा अस्पताल ले जाए जाने की सूचना दी थी। चौकी पुलिस के अनुसार दुर्घटना का मामला नरवर थाना पुलिस का है, मामले की जांच नरवर थाना पुलिस को भेजी जाएगी। रात में हुई दुर्घटना से पहले बुधवार सुबह 11.30 बजे के लगभग नागझिरी थाना क्षेत्र के देवास रोड स्थित अभिलाषा कॉलोनी के सामने बाइक सवार नारायण दास पिता ओमप्रकाश टेकवानी 64 वर्ष निवासी प्रेम एवेन्यू थाना चिमनगंज को तेज गति से आ रहे बाइक चालक ने टक्कर मार दी थी। नारायण दास की मौके पर ही मौत हो गई थी। दुर्घटना के बाद अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि नारायण दास अपनी कंट्रक्शन साइट पर जा रहे थे, पुलिस के अनुसार दुर्घटना सीसीटीवी कैमरे में दिखाई दी है। के आधार पर टक्कर मारने वाले बाइक चालक की तलाश की जा रही है।
सडक़ दुर्घटनाओं का ग्राफ बढ़ता ही जा रहा
विदित हो कि देवास रोड का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद सडक़ दुर्घटनाओं का ग्राफ बढ़ गया है। दो थानों की सीमा में आए दिन दुर्घटना के मामले सामने आ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मार्ग चौड़ीकरण के बाद वाहन तेज गति से दौड़ रहे हैं, वहीं इंदौर रोड पर सिक्स लेन का निर्माण कार्य चलने की वजह से उज्जैन देवास मार्ग पर यातायात का दबाव भी बढ़ गया है, दुर्घटना की सबसे बड़ी वजह यही बनी हुई है।
