
नयी दिल्ली 18 जून (वार्ता) देश को रक्षा विनिर्माण के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के रूप में नागपुर में अत्याधुनिक एल्युमिनियम एक्सट्रूज़न प्रेस परियोजना का काम शुरू किया जा रहा है और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शुक्रवार को इसके भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे।
रक्षा मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि श्री सिंह कल महाराष्ट्र के नागपुर स्थित यंत्र इंडिया लिमिटेड (वाईआईएल), आयुध निर्माणी, अंबाझरी में अत्याधुनिक 10,000-टन एल्युमिनियम एक्सट्रूज़न प्रेस के लिए भूमि पूजन करेंगे। इस समारोह में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, सचिव (रक्षा उत्पादन) संजीव कुमार तथा रक्षा उत्पादन विभाग और वाईआईएल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
प्रस्तावित एक्सट्रूज़न प्रेस रक्षा विनिर्माण क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय परिसंपत्ति होगी। यह रक्षा एवं एयरोस्पेस क्षेत्रों की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए बड़े, उच्च-शक्ति तथा सटीक एल्युमिनियम मिश्रधातु एक्सट्रूज़न के उत्पादन में देश की क्षमता को सुदृढ़ करेगी। यह परियोजना महत्वपूर्ण एल्युमिनियम एक्सट्रूडेड घटकों के आयात पर निर्भरता कम करने में सहायता करेगी तथा आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना के अंतर्गत स्वदेशी विनिर्माण को बढ़ावा देगी।
एल्युमीनियम एक्सट्रूज़न प्रक्रिया में एल्युमीनियम को खोखले, अर्ध-खोखले या ठोस आकार दिए जाते हैं जिन्हें एक्सट्रूज़न कहा जाता है। एक्सट्रूज़न में एल्युमीनियम को पिघली हुई अवस्था तक गर्म किया जाता है और उसे एक डाई से गुजारा जाता है, जहाँ वह एक नया रूप ले लेता है।
