नई दिल्ली/भोपाल , 24 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस जैसे दल सत्ता के लिए भगवान श्रीराम के अस्तित्व को ही नकारते हैं, इसलिए जनता को ऐसे दल और उनके नेताओं को सबक सिखाना चाहिए।
डॉ यादव ने गुरुवार देर शाम दिल्ली के हरिनगर, मादीपुर और रोहिणी विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आप दस सालों तक झूठ बोलकर सत्ता में रही। इस दौरान इस सरकार ने जाे किया, वह किसी से छिपा नहीं है। आप के साथ ही कांग्रेस ने भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के अस्तित्व को ही नकार दिया। जबकि श्रीराम और श्रीकृष्ण से इस देश की पहचान विश्व में है।
मुख्यमंत्री ने आप पार्टी के मुखिया पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस नेता को सत्ता का इतना लालच है कि जेल में जाने के बाद भी उन्होंने मुख्यमंत्री पद नहीं छोड़ा। डॉ यादव ने दावा करते हुए कहा कि अब दिल्ली की जनता हकीकत समझ गयी है और अब आप के कुशासन को समाप्त इस चुनाव में करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के लिए देश पहले हैं, वहीं आप और अन्य बाकी पार्टियों के लिए उनका परिवार प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मादीपुर में जनसभा को संबोधित करने के पश्चात प्राचीन शिव मंदिर में दर्शन-पूजन भी किया। इस अवसर पर हरिनगर से पार्टी प्रत्याशी श्याम शर्मा, मादीपुर से श्रीमती उर्मिला कैलाश गंगवाल और रोहिणी से श्री विजेन्द्र गुप्ता भी मौजूद रहे।