दस साल से खुले में पड़े थे जहरीले सिलेंडर

सीहोर। जिस खतरे को नगर पालिका ने वर्षों तक नजरअंदाज किया, उसने दो दिन पहले काहिरी ट्रीटमेंट प्लांट में गैस रिसाव के रूप में दस्तक दे दी. घटना के बाद गुरुवार को ग्रासिम कैमिकल्स की टीम ने शहर के तीनों ट्रीटमेंट प्लांटों पर रखे छह क्लोरीन सिलेंडरों की जांच की. चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि सभी छह सिलेंडर खाली थे. वहीं काहिरी में रिसाव वाले सिलेंडर का भी विशेषज्ञों ने मौके पर ट्रीटमेंट कर उसे खाली कर दिया. जांच के बाद कंपनी तीन सिलेंडर अपने साथ ले गई, जबकि चार नपा के सुपुर्द कर दिए गए.

गौरतलब है कि दो दिन पहले लसूडिय़ा-काहिरी ट्रीटमेंट प्लांट में क्लोरीन सिलेंडर से गैस रिसाव होने के बाद कर्मचारियों के साथ आसपास के ग्रामीण भी प्रभावित हुए थे. लोगों ने उल्टी-दस्त और आंखों में जलन की शिकायत की थी. सूचना मिलते ही मौके पर एनडीआरएफ सहित अन्य टीमें पहुंचीं. रिसाव को नियंत्रित करने के लिए गेल के विशेषज्ञों की मदद ली गई और सिलेंडर को पानी से भरे गड्ढे में डाल दिया गया था.

घटना के बाद नगर पालिका ने ग्रासिम कैमिकल्स की विशेषज्ञ टीम को बुलाया. टीम ने पहले भगवानपुरा और जमोनिया प्लांट पर रखे दो-दो सिलेंडरों की जांच की. दोनों स्थानों के चारों सिलेंडर खाली मिले. इसके बाद टीम काहिरी पहुंची और बाहर रखे दो सिलेंडरों को भी जांचा. ये दोनों भी खाली पाए गए. काहिरी प्लांट पर रिसाव वाले सिलेंडर को पहले पानी से भरे गड्ढे में रखा गया था. विशेषज्ञों ने पानी में केमिकल डालकर ट्रीटमेंट किया. प्रक्रिया के बाद सिलेंडर को खाली कर दिया गया. इसके बाद कंपनी तीन सिलेंडर अपने साथ ले गई और चार सिलेंडर नपा को सौंप दिए.

दस साल से प्लांटों में पड़े थे सिलेंडर

बताया जा रहा है कि करीब दस साल पहले पानी शुद्ध करने के लिए इन क्लोरीन सिलेंडरों का इस्तेमाल किया जाता था. बाद में क्लोरीन का उपयोग बंद कर दिया गया, लेकिन सिलेंडरों को प्लांटों से हटाया नहीं गया। वर्षों तक पड़े रहने और उचित देखरेख नहीं होने के कारण ये सिलेंडर खराब होते रहे. ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि जब इनका उपयोग बंद हो चुका था तो इन्हें सुरक्षित तरीके से हटाने की कार्रवाई इतने वर्षों तक क्यों नहीं की गई.

सभी सिलेंडर पूरी तरह खाली मिले

छह क्लोरीन सिलेंडरों की जांच की गई है. सभी खाली मिले हैं. रिसाव वाले सिलेंडर का भी ट्रीटमेंट कर उसे खाली किया गया है.

विजय कोली,
सहायक यंत्री नपा

Next Post

कलेक्टर ने किया मंदिर परिसर का निरीक्षण

Fri Sep 11 , 2026
सीहोर। गणेश चतुर्थी के अवसर पर गणेश मंदिर परिसर में मेले का आयोजन किया जा रहा है. कलेक्टर बालागुरू के ने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं को दृष्टिगत रखते हुए आयोजन स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते […]

You May Like