अब आलू बीज का नया गढ़ बनेगा संस्कारधानी

जबलपुर : परंपरागत खेती की सीमाओं को तोड़ते हुए जबलपुर का पाटन विकासखंड कृषि नवाचार के एक वैश्विक केंद्र के रूप में उभर रहा है। युवा उद्यमी वासु शुक्ला ने अपनी आधुनिक सोच और एयरोपोनिक्स तकनीक के दम पर जबलपुर को पंजाब और हरियाणा के बाद आलू बीज उत्पादन का नया हब बनाने की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाए हैं।बीटेक बायोटेक्नोलॉजी और मल्टीनेशनल कंपनी के अनुभव को साथ लेकर वासु शुक्ला ने मीनावत कृषि एग्रो वेंचर की स्थापना की। एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड की मदद से शुरू हुआ यह प्रोजेक्ट मध्य प्रदेश का पहला और भारत का मात्र 12वां ऐसा केंद्र है, जहां हवा में आलू के बीज उगाए जा रहे हैं।
क्या है एयरोपोनिक्स तकनीक ?
सेंट्रल पोटैटो रिसर्च इंस्टीट्यूट से प्रशिक्षित वासु शुक्ला ने बताया कि यह विधि कम पानी और नियंत्रित वातावरण में उच्च गुणवत्ता वाले बीज तैयार करने का सबसे आधुनिक तरीका है। 10,000 वर्ग फीट के स्ट्रक्चर में हवा के जरिए पोषक तत्व देकर पौधे उगाए जाते हैं। अक्टूबर माह में लगाए गए टिश्यू कल्चर पौधों से मात्र 150 दिनों में प्रति पौधा 50 से 60 मिनी ट्यूबर्स प्राप्त होते हैं। यहाँ टेबल पर्पस के साथ-साथ चिप्स और फ्रेंच फ्राइज के लिए भी विशेष किस्म के बीज तैयार किए जा रहे हैं। वहीं बीजों को सुखाने के बाद 20 डिग्री सेल्सियस के नियंत्रित तापमान पर कोल्ड स्टोरेज में रखा जाता है।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने सराहा
वर्तमान में वासु शुक्ला का वार्षिक टर्नओवर 42 लाख रुपये है, जिससे वह 10 से 12 लाख रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित कर रहे हैं। उनका लक्ष्य केवल व्यक्तिगत मुनाफा नहीं, बल्कि जिले के किसानों के साथ मिलकर जी 1, जी 2 और जी 3 स्तर तक बीज का मल्टीप्लिकेशन करना है। संयुक्त संचालक कृषि के एस नेताम, कृषि अभियांत्रिकी के संभागीय अधिकारी मर्सकोले, उप संचालक कृषि डॉक्टर एस के निगम के साथ अनुविभागीय कृषि अधिकारी पाटन डॉक्टर इंदिरा त्रिपाठी ने भ्रमण के दौरान इस प्रोजेक्ट की सराहना की और इसे जिले के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बताया।

Next Post

गांव को नशा मुक्त बनाने के लिए निकाली महिलाओं ने रैली

Mon Apr 6 , 2026
जबलपुर : रोसरा गांव को नशा मुक्त बनाने के लिए महिलाओं और ग्रामीणों ने रविवार को रैली निकाली। बड़ी संख्या में गांव के लोग और महिला एकत्रित हुई और सामाजिक बुराई के खिलाफ एक रैली निकाली। जिसमें नशे के खिलाफ नारे लगाए गए और सभी ने मिलकर संकल्प लिया कि […]

You May Like