
पेरिस, 09 सितंबर (वार्ता) फ्रांस में प्रधानमंत्री फ्रांस्वा बायरू की सरकार का सोमवार को पतन हो गया।
श्री बायरू के खिलाफ कुल 364 सांसदों ने मतदान किया, जबकि 194 ने उनके पक्ष में मतदान किया। यह मतदान 44 अरब यूरो (51 अरब डॉलर) की एक बचत योजना को पारित कराने के लिए किया गया था। पर सरकार यह कठिन इम्तहान पास नहीं कर सकी।
इस ताजा घटनाक्रम से देश एक नए राजनीतिक संकट में फंस गया है और बढ़ते आर्थिक तनाव और भू-राजनीतिक तनावों के बीच सरकार का पतन नयी दिक्क्तों को जन्म दे गया है।
श्री बायरु को प्रधानमंत्री पद संभाले केवल नौ महीने ही हुए थे। उनके पूर्ववर्ती मिशेल बार्नियर पिछले दिसंबर में अविश्वास प्रस्ताव हार गए थे।
श्री बायरू के जाने से फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के पास बहुत कम विकल्प बचे हैं।
