दिल्ली का पारा 14.2, टूटा सबसे ठंडे दिसंबर के दिन का 11 साल पुराना रिकॉर्ड

नयी दिल्ली, 31 दिसंबर (वार्ता) नये साल से ठीक पहले राजधानी दिल्ली कड़ाके की ठंड की चपेट में आ गयी और बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान गिरकर 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह बीते 11 वर्षों में दिसंबर महीने का सबसे कम अधिकतम तापमान है।

मौसम विभाग के मुताबिक इससे पहले दिसंबर 2014 में 14.0 डिग्री सेल्सियस का रिकॉर्ड दर्ज किया गया था। पिछले 24 घंटों में तापमान में सात डिग्री से ज्यादा की गिरावट देखी गयी। इस वजह से मौसम विभाग ने बुधवार के लिए ‘कोल्ड डे’ की चेतावनी जारी की। सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा, जबकि लोधी रोड और पालम में यह गिरकर क्रमशः 13.4 और 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिनभर आसमान में घने बादल छाये रहे और धूप नहीं निकलने से ठंड और ज्यादा महसूस की गयी। ठंडी हवाओं ने सुबह से ही लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली और आसपास के इलाकों में यह ठंड बढ़ी है।

उधर, घने से बेहद घने कोहरे ने हालात और मुश्किल कर दिये। राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में दृश्यता कई इलाकों में 50 मीटर तक सिमट गयी, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने दिल्ली समेत पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में अगले छह दिनों तक कोहरे की चेतावनी जारी की है।

 

 

Next Post

पिछले दशक में ’ प्रगति’ की मदद से समय पर पूरी हुई 85 लाख करोड रुपए की परियोजनाएं: मोदी

Wed Dec 31 , 2025
नयी दिल्ली 31 दिसंबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश में सुधारों की गति बनाए रखने तथा परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए ’प्रगति’ पहल को जरुरी बताते हुए कहा है कि पिछले दशक में इससे 85 लाख करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं को तेज़ी से पूरा […]

You May Like