ग्वालियर:थाना करहिया पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान स्मैक तस्करी में लिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर आगामी त्योहारों को देखते हुए पुलिस द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है जिसके तहत संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।थाना करहिया प्रभारी उनि. संजू सिंह यादव अपनी टीम के साथ गोलार घाटी आरोन रोड पर वाहन चेकिंग कर रहे थे।
इसी दौरान एक काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार युवक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम सतवंत उर्फ कालू रावत निवासी ग्राम स्याऊ थाना कराहिया जिला ग्वालियर बताया। तलाशी लेने पर आरोपी की पैंट की जेब से प्लास्टिक की थैली में रखी लगभग 15 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 33 हजार रुपये आंकी गई है।
मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तौल कर मादक पदार्थ को सील किया गया। साथ ही आरोपी के कब्जे से एक मोटरसाइकिल और अन्य सामग्री भी जब्त की गई, जिसकी कुल कीमत लगभग 63 हजार 200 रुपये बताई जा रही है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उससे पूछताछ कर नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।
