टी-20 विश्व कप थीम पर बन रही बनारसी साड़ी, खिलाड़ियों को उपहार देने की इच्छा

वाराणसी, 06 फरवरी (वार्ता) टी-20 विश्व कप के आगाज से पहले वाराणसी में विश्व कप थीम पर विशेष बनारसी साड़ियां तैयार की जा रही हैं। काशी के साड़ी व्यापारी एवं काश्याम सृजन फाउंडेशन के ट्रस्टी सर्वेश श्रीवास्तव ने भारतीय क्रिकेट टीम के उत्साहवर्धन के उद्देश्य से यह पहल की है।

लोहता स्थित कारखाने में हैंडलूम कारीगर इन साड़ियों को बुन रहे हैं। साड़ी की डिजाइन रेशम रत्न सम्मान से सम्मानित डिजाइनर लक्ष्मी विश्वकर्मा ने तैयार की है। साड़ियों पर विश्व कप ट्रॉफी, बल्ला, गेंद, स्टंप और पिच सहित विभिन्न क्रिकेट प्रतीकों को जरी और ब्रोकेट कतान शैली में उकेरा गया है।

श्रीवास्तव ने बताया कि इससे पूर्व भी वे विभिन्न विश्व कप अवसरों पर थीम आधारित बनारसी साड़ियां तैयार करा चुके हैं। उन्होंने कहा कि क्रिकेट के प्रति अपने लगाव के कारण उन्होंने बनारसी शिल्प को क्रिकेट से जोड़ने का प्रयास किया है। इन विशेष साड़ियों में 1983, 2007 टी-20, 2011 और 2024 टी-20 विश्व कप सहित महिला विश्व कप विजेता टीम की उपलब्धियों को भी दर्शाया गया है। बुनकर बहादुर और उनके सहयोगी इन्हें तैयार कर रहे हैं।

उन्होने बताया कि वे इन साड़ियों को भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों को उपहार स्वरूप देना चाहते हैं। एक साड़ी की अनुमानित कीमत 15 से 20 हजार रुपये बताई गई है। उन्हें इन विशेष साड़ियों के लिए ऑर्डर मिलने की भी उम्मीद है।

 

Next Post

उड़ीसा हाईकोर्ट ने राष्ट्रीय प्रतीक के दुरुपयोग पर रोक के लिए टास्कफोर्स गठित करने का दिया निर्देश

Fri Feb 6 , 2026
भुवनेश्वर, 06 फरवरी (वार्ता) उड़ीसा उच्च न्यायालय ने ओडिशा सरकार को राष्ट्रीय प्रतीक (सारनाथ स्थित अशोक स्तंभ के सिंह शीर्ष की प्रतिकृति) के अनुचित उपयोग और गलत चित्रण को रोकने के लिए राज्य स्तरीय टास्कफोर्स गठित करने का निर्देश दिया है। मुख्य न्यायाधीश हरीश टंडन और न्यायमूर्ति मानस रंजन पाठक […]

You May Like