
पिपलियामंडी। नगर में बढ़ती चोरी की घटनाओं के बीच शुक्रवार रात अजय टॉकीज रोड क्षेत्र में सूने मकान को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों रुपये की नकदी व जेवरात चोरी कर लिए। वारदात के दौरान चोरों के घायल होने के संकेत भी मिले हैं, जिससे घटना और सनसनीखेज हो गई।
जानकारी के अनुसार फरियादी रामप्रहलाद पाटीदार दंपत्ति शाम को दुकान पर थे। इसी दौरान 4-5 अज्ञात बदमाश गेट कूदकर घर में घुसे, दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और सेफ तोड़कर करीब 2 लाख रुपए नकद, सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर फरार हो गए। घर लौटने पर बाहर फर्श पर खून फैला मिला, जिससे आशंका जताई जा रही है कि भागते समय कोई आरोपी घायल हुआ।
सूत्रों के मुताबिक आरोपियों ने पहले रेकी कर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद नगर में दहशत का माहौल है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। हाल के दिनों में बाइक चोरी सहित कई वारदातें सामने आई हैं, जिनका अब तक खुलासा नहीं हो सका है।
इधर, बढ़ती घटनाओं के विरोध में नगर कांग्रेस कमेटी ने पुलिस गश्त बढ़ाने और बल बढ़ाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है, वहीं आरोपियों की तलाश जारी है।
