
मन्दसौर। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय मंदसौर के प्रतिभावान विद्यार्थियों ने 55वीं केवीएस संभाग स्तरीय खेल प्रतियोगिता 2026 में अपनी खेल भावना और कौशल का उत्कृष्ट परिचय देते हुए विद्यालय का नाम पूरे संभाग में गौरवान्वित किया है। इस प्रतियोगिता में विद्यालय के कुल 38 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिन्होंने सामूहिक और व्यक्तिगत स्पर्धाओं में कड़ी चुनौती पेश करते हुए कुल 2 स्वर्ण, 4 रजत और 7 कांस्य पदकों पर कब्जा जमाया। टीम खेलों की बात करें तो हॉकी में विद्यालय का दबदबा रहा, जहाँ अंडर-17 बालिका टीम ने अपने शानदार तालमेल से स्वर्ण पदक जीतकर प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं अंडर-17 बालक टीम ने भी कड़े मुकाबले के बाद रजत पदक अपने नाम किया।
व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों ने पदकों की झड़ी लगा दी। स्केटिंग के क्वाड अंडर-14 बालिका वर्ग में अक्षिता चौहान ने अपनी गति का लोहा मनवाते हुए 500 मीटर में स्वर्ण और 1000 मीटर में रजत पदक हासिल किया, जबकि इसी वर्ग में यशवी जैन ने 500 मीटर और 1000 मीटर की रेस में दो कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा दिखाई। स्केटिंग के इनलाइन अंडर-14 बालिका वर्ग में रियांशी गुप्ता ने 500 मीटर और रोड रेस में कांस्य पदक प्राप्त किया, तो वहीं अंडर-17 बालक वर्ग के क्वाड मुकाबले में विनायक पालीवाल ने 1000 मीटर में रजत और 3000 मीटर में कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का मान बढ़ाया। मार्शल आर्ट्स में भी विद्यालय के खिलाड़ियों का प्रदर्शन सराहनीय रहा, जिसमें ताइक्वांडो अंडर-14 बालिका वर्ग की -35 किग्रा श्रेणी में इनाया खान और +38 किग्रा श्रेणी में लक्षिता पाटीदार ने कांस्य पदक जीते। जूडो के अंडर-19 बालिका वर्ग में गरिमा पाटीदार ने -48 किग्रा भार वर्ग में रजत पदक जीतकर अपनी तकनीकी श्रेष्ठता सिद्ध की।
विद्यालय के लिए एक और बड़ी उपलब्धि बास्केटबॉल के मैदान से आई, जहाँ अंडर-17 बालिका वर्ग में अनन्या नागदा के शानदार खेल को देखते हुए उनका चयन आगामी केवीएस नेशनल प्रतियोगिता के लिए किया गया है।
खिलाड़ियों की इस सफलता पर विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष और जिले की कलेक्टर महोदया श्रीमती अदिति गर्ग, विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती नीलांजनी प्रसाद, जिला खेल अधिकारी विजेंद्र देवड़ा एवं प्रधानाध्यापक ऋत्विक अग्रवाल, शारीरिक एवं स्वास्थ्य शिक्षक उमेश रावत, खेल प्रशिक्षक आजाद सिंह सोलंकी, सुश्री नैंसी गंगवाल सहित समस्त विद्यालय परिवार ने हर्ष व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
