भोपाल। राजा भोज एयरपोर्ट से हवाई सफर अब पहले से ज्यादा आसान और सुविधाजनक हो गया है। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने राजधानी में अपना बेस स्टेशन शुरू कर दिया है। इसके साथ ही दिल्ली के लिए दो और मुंबई के लिए एक नई नियमित उड़ान सेवा शुरू होने से दोनों प्रमुख शहरों की कनेक्टिविटी और मजबूत हो गई है। अब भोपाल से दिल्ली के लिए कुल पांच और मुंबई के लिए तीन नियमित उड़ानें उपलब्ध हैं।
नई सेवा की शुरुआत पर दिल्ली से पहुंची पहली उड़ान का एयरपोर्ट पर फायर ब्रिगेड की ओर से वाटर सैल्यूट देकर स्वागत किया गया। एयरपोर्ट डायरेक्टर आलोक त्रिपाठी और एयर इंडिया एक्सप्रेस के अधिकारियों ने यात्रियों को बोर्डिंग पास वितरित कर बेस स्टेशन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर केक काटकर भी खुशी मनाई गई।
एयर इंडिया एक्सप्रेस अब दिल्ली और मुंबई रूट पर बोइंग और एयरबस विमान संचालित करेगी। पहले ही दिन नई उड़ानों में करीब 80 प्रतिशत सीटें भर गईं। एयरलाइन ने एयरपोर्ट परिसर में अपना बुकिंग कार्यालय भी शुरू कर दिया है। कंपनी का कहना है कि भविष्य में भोपाल से अन्य शहरों के लिए भी नई उड़ान सेवाएं शुरू करने की योजना है। इससे यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी, अधिक विकल्प और अपेक्षाकृत किफायती किराए का लाभ मिलने की उम्मीद है।
