भोपाल। भोपाल और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। 15 जुलाई से राजधानी में नई इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होने जा रही है। पहले चरण में 10 प्रमुख रूटों पर 20 आधुनिक ई-बसें चलाई जाएंगी, जो भोपाल के साथ-साथ मंडीदीप, सीहोर और औबेदुल्लागंज तक भी यात्रियों को सीधी सुविधा देंगी।
इन इलेक्ट्रिक बसों का उद्देश्य लोगों को सस्ता, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन उपलब्ध कराना है। शुरुआती 1.5 किलोमीटर की यात्रा का किराया केवल 2 रुपये रखा गया है, जिससे रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
यात्रियों की सुविधा के लिए ‘चलो’ (Chalo) मोबाइल ऐप के जरिए टिकट बुकिंग की व्यवस्था की गई है। इसी ऐप पर बसों की लाइव लोकेशन भी देखी जा सकेगी, जिससे यात्रियों को बसों के आने का सही समय पता चलेगा और बस स्टॉप पर इंतजार कम करना पड़ेगा।
जानकारी के मुताबिक, सभी नई ई-बसें 4 जुलाई तक भोपाल पहुंच जाएंगी। इसके बाद ट्रायल और अन्य तैयारियां पूरी कर 15 जुलाई से नियमित संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इस नई सेवा से राजधानी और आसपास के शहरों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी, ट्रैफिक और प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी और आम लोगों को आधुनिक सार्वजनिक परिवहन का लाभ मिलेगा।
