जगदलपुर 02 जुलाई (वार्ता) छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में लगातार हो रही तेज बारिश से कोरापुट-किरंदुल रेललाइन के मल्लिगुड़ा और जराटी स्टेशनों के बीच भारी भूस्खलन हुआ है। पहाड़ से आया मलबा और विशाल चट्टानें ट्रैक पर जमा हो गई हैं जिससे इस मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है।
रेलवे अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भूस्खलन की सूचना मिलते ही वाल्टेयर रेल मंडल की आपदा प्रबंधन टीम को मौके पर भेजा गया है। ट्रैक की बहाली के लिए युद्धस्तर पर काम शुरू कर दिया गया है जिसमें भारी मशीनरी, सैकड़ों मजदूर और अन्य संसाधन लगाए गए हैं।
इस बीच रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से सतर्कता की अपील करते हुए एहतियातन दो ट्रेनों — 18448 हीराखंड एक्सप्रेस (जगदलपुर-भुवनेश्वर) और 18516 नाइट एक्सप्रेस (किरंदुल-विशाखापट्टनम) को रद्द कर दिया है।
