सीबीएसई में अनियमितता का खुलासा होने के पांच महीने बाद भी आरोपी कंपनी पर कार्रवाई नहीं : कांग्रेस

नयी दिल्ली, 21 अक्टूबर (वार्ता) कांग्रेस ने सीबीएसई की ऑन-स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) प्रणाली में अनियमितताओं का खुलासा होने के पांच महीने बाद भी आरोपी कंपनी कोएमपीटी के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर हैरानी जताई है।

कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने बुधवार को सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि सीबीएसई ने गत एक जून को कंपनी पर जुर्माना लगाने की बात कही थी लेकिन अब तक न तो कोई दंडात्मक आदेश जारी हुआ है और न ही जुर्माना लगाया गया है। उनका कहना था कि आश्चर्य की बात यह है कि सीबीएसई में अनियमितता का खुलासा होने के पांच माह बीत गये हैं लेकिन दंडात्मक कार्रवाई को लेकर अब तक कुछ नहीं हुआ है।

श्री रमेश ने कहा कि मीडिया की एक प्रमुख रिपोर्ट के अनुसार कंपनी के खिलाफ अब तक कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं हुई है। इससे पहले आई रिपोर्टों में बताया गया था कि ओएसएम की निविदा से काम पूरा करने में विफल रहने वाले विक्रेताओं को काली सूची में डालने संबंधी शर्त हटा दी गई थी। इसके कुछ महीने बाद ही कोएमपीटी को 38 करोड़ रुपये से अधिक का ठेका दिया गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि ठेका देने की प्रक्रिया में शामिल शिक्षा मंत्रालय और सीबीएसई के अधिकारियों को ही कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की जिम्मेदारी सौंपे जाने से हितों के टकराव की आशंका पैदा होती है। श्री रमेश ने कहा कि छात्रों के बड़े आंदोलन के बावजूद शिक्षा मंत्रालय में कुछ नहीं बदला है और नए मंत्री भी पिछली व्यवस्था से विरासत में मिली कंपनियों को बचा रहे हैं। उन्होंने सरकार को ‘वोट चोर, पेपर चोर सरकार’ बताते हुए कहा कि उसे सत्ता से जाना चाहिए।

 

Next Post

दिल्ली में कोविड काल को छोड़कर इस साल सबसे अधिक 214 दिन रही साफ हवा : सिरसा

Wed Oct 21 , 2026
नयी दिल्ली, 21 अक्टूबर (वार्ता) दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बुधवार को कहा कि दिल्ली सरकार के प्रदूषण नियंत्रण उपायों के चलते इस वर्ष अब तक कोविड काल को छोड़कर पिछले एक दशक में सबसे अधिक 214 दिन साफ हवा दर्ज की गई है। श्री सिरसा ने […]

You May Like