
ग्वालियर। रेलवे कॉलोनी में अज्ञात युवक का शव संदिग्ध हालत में मिला है। पुलिस के अनुसार युवक की मौत छत से गिरने से हुई है।
पड़ाव थाना प्रभारी आलोक परिहार ने बताया कि बड़ी रेलवे लाइन केशर बाग के पीछे रेलवे कॉलोनी में शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को करीब 30 वर्षीय एक युवक का शव मिला। मृतक ने लाल टीशर्ट पहनी हुई थी। जांच में पता चला कि जिस जगह शव मिला, उसके ऊपर की छत पर मृतक का लोअर पड़ा हुआ था।
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह एक दुर्घटना है या फिर किसी ने युवक को धक्का दिया। यह भी जांच की जा रही है कि क्या युवक नशे की हालत में था। मृतक की शिनाख्त के लिए पुलिस आसपास के मजदूरों से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान के लिए शहर के अन्य थानों से गुमशुदा व्यक्तियों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
