नयी दिल्ली, 25 सितंबर (वार्ता) युवा कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और चुनाव आयोग के कामकाज एवं निर्णय प्रक्रिया से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच की मांग को लेकर शुक्रवार को चुनाव आयोग कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है और उसे प्रत्येक नागरिक के स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान के अधिकार की रक्षा करनी चाहिए।
इस मौके पर श्री चिब ने कहा कि चुनाव आयोग के कामकाज को लेकर सामने आए सवालों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि संगठन ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के साथ सभी आरोपों की स्वतंत्र जांच की मांग करती है। प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने बैरिकेड लगाकर कार्यकर्ताओं को रोका। युवा कांग्रेस के अनुसार, उदय भानु चिब समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। प्रदर्शन में अजय चिकारा, खुशबू शर्मा, अक्षय लाकड़ा सहित कई नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे।

