सीहोर। गर्मी और उमस से बेहाल लोगों को आखिरकार बरसते बादलों ने राहत पहुंचा ही दी. शनिवार की तरह रविवार को भी आसमान पर मंडराते बादलों ने मौसम को खुशनुमा बना दिया था.लोगों को भी उमस से छुटकारा मिल गया.
विदाई बेला में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. बीते कई दिनों से चुप्पी ओढ़ रखे बादल घनी घटाओं में तब्दील हो गए हैं और झमाझम बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है. शनिवार की शाम को कुछ देर ही सही लेकिन जोरदार बारिश हुई. इसी तरह रविवार की दोपहर भी काफी तेज रफ्तार से बादल बरसे और शहर को तरबतर कर दिया. शाम को भी आसमान पर मंडराते बादल गर्जते रहे. पांच बजे के बाद एक बार फिर जोरदार बारिश का सिलसिला शुरू हो गया था.
औसत में 4.44 इंच की कमी, सीहोर में 7.06 अधिक
जिले में 13 सितंबर तक इस मानसून 32.60 इंच बारिश दर्ज की गई है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 37.04 इंच बारिश हुई थी. इस तरह इस बार जिले में पिछले साल की तुलना में 4.44 इंच कम बारिश हुई है. हालांकि, सीहोर तहसील में स्थिति इसके उलट रही. यहां इस वर्ष 41.04 इंच बारिश दर्ज हुई, जो पिछले वर्ष की 33.99 इंच बारिश से 7.06 इंच अधिक है. आंकड़ों के अनुसार आष्टा में इस वर्ष 32.52 इंच बारिश हुई, जो पिछले वर्ष से 4.65 इंच अधिक है. वहीं श्यामपुर में 30.08 इंच बारिश हुई, जो पिछले वर्ष से 4.52 इंच कम है. जावर में 24.61 इंच बारिश हुई और 2.58 इंच कमी रही। इछावर में 30.51 इंच, यानी 3.63 इंच कम, जबकि भैरूंदा में 34.88 इंच, यानी 4.02 इंच कम बारिश दर्ज हुई. सबसे बड़ी गिरावट बुधनी में 20.51 इंच की रही. इस वर्ष 31.85 इंच बारिश हुई, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 52.36 इंच पानी बरसा था. रेहटी में भी इस वर्ष 35.30 इंच बारिश हुई, जो पिछले साल की 47.24 इंच की तुलना में 11.94 इंच कम है. हालांकि बारिश का दौर फिर शुरू होने से आंकड़ों में इजाफा हो सकेगा.
