लक्ष्य से अधिक गेहूं खरीदी ने बढ़ाया बारदाना संकट

सीहोर। समर्थन मूल्य पर इस बार जिले में गेहूं खरीदी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. अब तक 7 लाख 27 हजार टन से अधिक गेहूं खरीदा जा चुका है. सरकार ने खरीदी की अंतिम तारीख 23 मई से बढ़ाकर 28 मई कर दी, लेकिन लक्ष्य से अधिक खरीदी होने के कारण अब बारदाने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है. हालात यह हैं कि जिला मुख्यालय के खरीदी केंद्रों पर किसान पिछले तीन दिनों से ट्रैक्टर-ट्रॉली में गेहूं लेकर खड़े हैं, लेकिन बारदाना नहीं होने से उनकी उपज का तौल नहीं हो पा रहा है.

भीषण गर्मी के बीच किसान मंडी के टीन शेड के नीचे दिन-रात गुजारने को मजबूर हैं. कई किसान होटल से खाना मंगाकर खा रहे हैं, जबकि छोटे बच्चे भी उनके साथ खुले शेड में परेशान हो रहे हैं. केंद्रों पर व्यवस्थाओं की कमी को लेकर किसानों में भारी नाराजगी देखी जा रही है.

शनिवार दोपहर मंडी स्थित वेयरहाउस खरीदी केंद्र पर कई किसान शेड के नीचे बैठे नजर आए. रोला गांव के किसान राधेश्याम मेवाड़ा ने बताया कि वे तीन दिन से गेहूं की ट्रॉली लेकर खड़े हैं, लेकिन बारदाना नहीं होने से तौल नहीं हो सका. दोराहा के शिवप्रसाद मालवीय ने बताया कि वे गुरुवार रात 10 बजे ही उपज लेकर मंडी पहुंच गए थे, लेकिन अब तक नंबर नहीं आया. जहांगीरपुरा के किसान मानसिंह ने कहा कि तीन दिन से इंतजार कर रहे हैं, लेकिन व्यवस्था सुधरने का नाम नहीं ले रही.

खंडवा गांव के किसान घनश्याम मीणा ने बताया कि वे पिछले तीन दिन से मंडी शेड के नीचे रह रहे हैं. दिन-रात वहीं गुजर रहे हैं और मजबूरी में होटल से खाना मंगवाकर खाना पड़ रहा है. उनके साथ आए बच्चे भी भीषण गर्मी में परेशान हो रहे हैं. किसानों का कहना है कि टीन शेड के नीचे दोपहर में बैठना मुश्किल हो जाता है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई राहत नहीं मिल रही.

बारदाने की कमी का असर जिले के कई खरीदी केंद्रों पर दिखाई दे रहा है. सीहोर के देव गणेश वेयरहाउस, जमोनिया रोड पर भी बारदाना खत्म होने के कारण खरीदी प्रभावित हो गई. यहां पहुंचे कई किसान इंतजार करने के बाद वापस लौट गए. शनिवार को केंद्र पर सन्नाटा पसरा रहा. इस बार जिले में 7 लाख टन गेहूं खरीदी का लक्ष्य रखा गया था, जिसके लिए करीब 30 हजार 800 गठान बारदाने की आवश्यकता थी. लेकिन लक्ष्य से अधिक खरीदी होने के बाद भी अब तक केवल 29 हजार गठान बारदाना ही उपलब्ध हो पाया है. स्थिति यह है कि अभी भी करीब 1500 गठान बारदाने की जरूरत बनी हुई है. वहीं 6500 किसान ऐसे हैं जिन्होंने स्लॉट बुक कराए हैं और उपज बेचना बाकी है.

किराए की ट्रैक्टर- ट्राली से हो रहा आर्थिक नुकसान  

कई किसान किराए के ट्रैक्टर-ट्रॉली में गेहूं लेकर खरीदी केंद्र पहुंचे हैं. किसानों का कहना है कि उन्हें प्रतिदिन एक से दो हजार रुपए तक किराया देना पड़ रहा है. सिंगार खुर्द के किसान अशोक पाटीदार ने बताया कि वे किराए की ट्रॉली लेकर आए हैं और तीन दिन से फंसे होने के कारण खर्च लगातार बढ़ रहा है. बिजोरा गांव के कीर्तिपाल ने कहा कि बारदाने के अभाव का सीधा नुकसान किसानों को उठाना पड़ रहा है.

श्यामपुर और इछावर भेजा उपलब्ध बारदाना

शनिवार को कुछ बारदाने की गठानें पहुंचीं, लेकिन श्यामपुर और इछावर केंद्रों पर भी संकट होने के कारण उन्हें वहां भेज दिया गया. इससे जिला मुख्यालय के खरीदी केंद्रों पर किसानों की परेशानी और बढ़ गई है. किसानों का कहना है कि समर्थन मूल्य पर खरीदी के नाम पर उन्हें परेशान होना पड़ रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी समस्या के समाधान के लिए गंभीर नजर नहीं आ रहे.

इंतजार कर रहे किसानों को देख नाराज हुए राय

तेज धूप में ट्रैक्टर ट्रालियों के साथ गेहूं तुलाई का इंतजार कर रहे किसानों को देखकर शनिवार को कृषि उपज मंडी में विधायक सुदेश राय आक्रोशित हो गए. वेयर हाउस के अधिकारियों को राय ने साफ शब्दों मे कहा कि बारदाना आए या ना आए इससे मुझे कोई मतलब नहीं है. मैं किसानों को परेशान नहीं होने दूंगा. उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं करूंगा. उन्होंने कहा कि दो दिनों से तेज धूप में अपनी ट्रैक्टर ट्राली को लेकर किसान खड़े हुए हैं. तुम लोगों को शर्म नहीं आ रही है. गड़बड़ मत करो.आसपास के वेयर हाउस गेहूं उत्पादन केंद्र पर पर्याप्त बारदान मौजूद है आपके ही पास नहीं हैं. किसानों ने कहा कि छुट्टी और बारदान नहीं होने का हवाला देकर गेहूं की तुलाई रोक दी गई है जबकि हम दो दिनों से तुलाई का इंतजार कर रहे हैं और अंतिम तारीख भी नजदीक आ गई है. वेयर हाउस के अधिकारियों कर्मचारियों से विधायक राय ने कहा कि भले ही सरकारी छुट्टी क्यों ना हो आज सभी किसानों की उपज से भरी ट्रॉली की तलाई होगी. कृषि उपज मंडी सरकारी वेयर हाउस के बाहर 25 से 30 ट्रैक्टर ट्रालियां मौजूद थी बरदाना की कमी बताकर गेहूं की तुलाई नहीं की जा रही थी. किसानों की समस्या का समाधान करने के लिए विधायक सुदेश राय शनिवार को अचानक कृषि उपज मंडी पहुंच गए. रात तक गेहूं से भरी सभी ट्रालियों की तुलाई वेयर हाउस गेहूं उपार्जन केंद्र द्वारा कर ली गई.

Next Post

पारा 44 डिग्री के पार पहुंचा , ऑरेंज अलर्ट, लू ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें

Sun May 24 , 2026
सतना: बीते कुछ दिनों से विंध्य क्षेत्र भीषण गर्मी की चपेट में गुजर रहा है . हालात इतने गंभीर हो गए कि 22 मई को मौसम विभाग ने पूर्वी मध्यप्रदेश के कई हिस्सों के साथ सतना क्षेत्र के लिए रेड वार्निंग जारी की थी और अब सतना सहित मध्यप्रदेश के […]

You May Like