
दतिया/ग्वालियर। दतिया में भाजपा संगठन की डैमेज कण्ट्रोल मुहिम तेजी से कामयाब हो रही है। पूर्व गृह मंत्री एवं छह बार के विधायक डॉ. नरोत्तम मिश्रा का टिकिट कटने के बाद दतिया में फूटा उनके समर्थकों का गुस्सा ऊपरी तौर पर शांत हो गया है।
इसका प्रमाण आज उस समय दिखाई दिया जब भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा एवं दतिया से पार्टी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने दतिया में कार्यकर्ता बैठक को संबोधित किया।
भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारतमाला और सागरमाला बना रहे हैं। आप सभी पार्टी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाकर विजय की माला पहनाएं। मोदी भारत को विकसित भारत बना रहे हैं। विकसित भारत के साथ विकसित दतिया बनाने के लिए कमल के फूल को विजयी बनाएं।
उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता ही हमारे संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। भाजपा में कोई व्यक्ति प्रत्याशी नहीं होता, कमल का फूल ही वास्तविक उम्मीदवार होता है। भाजपा में प्रत्याशी के साथ देवतुल्य सभी कार्यकर्ता चुनाव लड़ते हैं।
पार्टी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने कहा कि दतिया में भाजपा का परचम फहराने के लिए आप सभी कार्यकर्ता जुट जाएं। कार्यकर्ता बैठक को प्रदेश शासन के मंत्री एंदल सिंह कंषाना, पार्टी के प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, सांसद श्रीमती संध्या राय, दतिया जिला अध्यक्ष रघुवीर शरण कुशवाह ने भी सम्बोधित किया।
इस दौरान पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, विधायक प्रदीप अग्रवाल, निवाड़ी जिला अध्यक्ष राजेश पटैरिया, ग्वालियर ग्रामीण जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह राजपूत, शिवपुरी जिला अध्यक्ष जसमंत जाटव, दतिया के जिला प्रभारी गजेंद्र सिकरवार, मप्र कुक्कुट विकास निगम के अध्यक्ष केशव सिंह बधेल, पूर्व निगम अध्यक्ष शैतान सिंह पाल, पूर्व विधायक एवं प्रदेश प्रवक्ता घनश्याम पिरोनिया मंचासीन रहे।
